पाकुड़
पाकुड़ जिले के युवाओं को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में बेहतर भविष्य प्रदान करने के उद्देश्य से रविवार को हटपाड़ा स्थित अपर्णा कॉम्प्लेक्स में ‘निशुल्क कोचिंग’ का भव्य उद्घाटन किया गया। यह विशेष पहल सूर्या नर्सिंग एजुकेशनल कॉलेज, साहिबगंज और सीटी ट्रेनिंग सेंटर, पाकुड़ के संयुक्त तत्वावधान में झारखंड नर्सिंग प्रवेश परीक्षा-2026 की तैयारी के लिए की गई है। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन सूर्या नर्सिंग एजुकेशनल कॉलेज के निदेशक डॉ. विजय कुमार, सीटी ट्रेनिंग सेंटर के निदेशक मो. हैदर अली, प्राचार्य प्रो. वेंकट रेड्डी, सूर्या सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के मैनेजर हरेंद्र कुमार पासवान तथा चिकित्सक डॉ. अमित कुमार एवं डॉ. बिंदु भूषण ने संयुक्त रूप से किया।
वक्ताओं के विचार एवं कोचिंग का महत्व
इस अवसर पर डॉ. विजय कुमार ने कहा कि “एक कदम सपने की ओर, एक कदम सफलता की ओर” के मंत्र के साथ यह पहल उन मेधावी छात्रों के लिए है जो आर्थिक तंगी के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि इस निशुल्क कोचिंग के माध्यम से छात्रों को अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलेगा और यह पहल क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने में मदद करेगी। वक्ताओं ने नर्सिंग को सेवा और सम्मान का क्षेत्र बताते हुए छात्रों को पूरी एकाग्रता के साथ परीक्षा की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया तथा इसे एक स्वस्थ और सशक्त झारखंड की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

स्थानीय स्तर पर मिलेगी सुविधा
सीटी ट्रेनिंग सेंटर के निदेशक मो. हैदर अली ने बताया कि अब पाकुड़ के स्थानीय छात्रों को नर्सिंग की तैयारी के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। संस्थान का लक्ष्य जिले के अधिक से अधिक युवाओं को नर्सिंग के सरकारी संस्थानों तक पहुंचाना है। उद्घाटन सत्र के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे, जिनमें इस नई पहल को लेकर भारी उत्साह देखा गया।