द फॉलोअप, रांची
झारखंड सचिवालय सेवा संघ ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्य तिथि पर आज प्रोजेक्ट भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। सचिवालय सेवा के कर्मियों ने लगभग 80 यूनिट ब्लड डोनेट किया। मालूम हो कि पिछले वर्ष दिशोम गुरु के निधन पर सचिवालय सेवा संघ ने मुख्यमंत्री के हाथों प्रोजेक्ट भवन परिसर में पौधा रोपण कराया था। इसके साथ ही सचिवालय सेवा संघ ने गांधीवादी तरीके से पांच अगस्त से क्रमिक आंदोलन प्रारंभ करने की घोषणा की है। 05 अगस्त को अपनी मांगों के समर्थन में विशाल मानव श्रृंखला का आयोजन करेगा। सचिवालय कर्मी 6 से 12 अगस्त तक विरोध स्वरूप काला बिल्ला लगाएंगे। उसके बाद संघ के आंदोलन का क्या स्वरूप होगा, यह तय नहीं हो पाया है।

जानकार बताते हैं कि संघ भयभीत भी है और आंदोलन के माध्यम से अपनी मांगों की पूर्ति भी चाहता है। यही कारण है कि एक ओर शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहकर आंदोलन की बात कर रहा है। साथ साथ गुरुजी के सम्मान में रक्तदान शिविर का भी आयोजन कर रहा है। ताकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनकी मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करें। लेकिन सचिवालय सेवा के अधिकारी अनौपचारिक बातचीत में स्पष्ट करते हैं कि कार्मिक सचिव, वित्त सचिव और मुख्य सचिव के रुख को देखते हुए गांधीवादी तरीके से होने वाले आंदोलन का बहुत असर नहीं पड़ने वाला नहीं है।
