द फॉलोअप डेस्क
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने आज 126 सदस्यों वाली असम विधानसभा के आगामी चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों की घोषणा की है। JMM के जनरल सेक्रेटरी विनोद कुमार पांडे ने पार्टी स्तर पर विस्तृत विचार-विमर्श के बाद उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने असम विधानसभा चुनाव में JMM के साथ गठबंधन को लेकर गंभीर एवं सकारात्मक पहल की थी। कांग्रेस द्वारा JMM को 5 से 7 सीटों का प्रस्ताव दिया गया था, साथ ही यह भी आश्वासन दिया गया था कि जिन सीटों पर JMM चुनाव लड़ेगी, वहां कांग्रेस का पूरा संगठनात्मक समर्थन उपलब्ध कराया जाएगा। कांग्रेस की मंशा स्पष्ट रूप से यह थी कि JMM के प्रतिनिधि असम विधानसभा में पहुंचें ।

लेकिन JMM ने स्थानीय दलों के सपोर्ट कों लेकर 21 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। कांग्रेस पार्टी असम में झामुमो के चुनावी नतीजे के बारे में कोई अंदाजा नहीं लगाना चाहती लेकिन हमें चिंता है कि झामुमो को यह फैसला आदिवासी वोटों को बांट सकता है। जिससे उनकी एकजुट ताकत पर असर पड़ सकता है। यह जानकारी मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने दी।
