logo

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, कुएं में मिला शव; घर छोड़कर भागे ससुराल वाले

garhwa6.jpg

गढ़वा 
गढ़वा जिले के भंडार गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव घर के पास स्थित एक कुएं से बरामद किया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए बेरहमी से हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के शरीर और गले पर चोट व रस्सी के निशान मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सघन जांच में जुट गई है। इस दुखद घटना के बाद से जहां गांव में आक्रोश का माहौल है, वहीं आरोपी ससुराल वाले घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।घटना की पूरी जानकारी
जानकारी के मुताबिक, धुरकी थाना क्षेत्र के भंडार गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घर के समीप स्थित कुएं से उसका शव बरामद होने के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतका की पहचान भंडार गांव निवासी नंदलाल साह की पत्नी शांति देवी के रूप में हुई है। घटना के सूचना मिलते ही धुरकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया गया।  दहेज में बोलेरो और 5 लाख रुपए नहीं मिलने पर की हत्या 
मृतका के गले में रस्सी के निशान के साथ-साथ शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। ऐसे में परिजनों द्वारा इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला बताया जा रहा है। गौरतलब है कि इसी वर्ष 14 मार्च को भंडार गांव निवासी नंदलाल साह के साथ शांति की शादी पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम से कराई गई थी। शादी में परिजनों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार सभी आवश्यक सामान और उपहार भी दिए थे। लेकिन विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग किए जाने की बात सामने आने लगी। परिजनों का आरोप है कि शांति को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल वाले लड़की के घर वालों से पांच लाख रुपये नकद और बोलेरो गाड़ी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर शांति के साथ मारपीट की जाती थी और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं, जिससे संदेह और गहरा गया है। पुलिस फरार लोगों की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना को लेकर गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। 

Tags - Garhwa Jharkhand Crime Dowry Death Police Investigation Bhandar Village