जमशेदपुर
आनंदपुर प्रखंड में दंतेले जंगली हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार की देर शाम कोचा कुंडना में हाथी के हमले में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। मृतक का नाम खिस्ट कुमारी बारला (78 वर्ष) है, जो आनंदपुर प्रखंड के बिंजु गांव की निवासी थीं। वह कोचा कुंडना के निकोलास सुरीन के घर मेहमान बनकर आई हुई थीं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7 बजे जंगली हाथी अचानक निकोलास सुरीन के घर के पास पहुंच गया। उस समय वे और खिस्ट कुमारी घर के बाहर आग ताप रहे थे। हाथी को देखते ही लोग भागने लगे, लेकिन वृद्ध महिला बच नहीं सकीं। हाथी ने उन्हें उठाकर पटक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वन विभाग ने दी सहायता राशि, ग्रामीणों में दहशत
रविवार सुबह आनंदपुर वन क्षेत्र पदाधिकारी तरुण सिंह ने मृतका के परिजनों को 20 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की। वन विभाग ने ग्रामीणों को सुरक्षा के लिए पटाखे भी वितरित किए और परिजनों से मुआवजा फॉर्म भरवाया गया।
आनंदपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया है। क्षेत्र में दो दिनों के भीतर लगातार हाथी के हमले की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी दिखते ही तुरंत विभाग को सूचना दें।
.jpeg)