द फॉलोअप डेस्क
रांची नगर निगम के चुनाव में मतदान के दिन अव्यवस्था, वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और बूथों के गठन संबंधी त्रुटियों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। मंगलवार को कारण बताओ नोटिस उपायुक्त कार्यालय को रिसिव करा दिया गया। उसमें मीडिया में आयी बातों को रेखांकित करते हुए कहा गया है कि 23 फरवरी को मतदान के दिन रांची नगर निगम क्षेत्र में वोटर लिस्ट और मतदान केंद्रों के गठन में त्रुटि के कारण मतदाताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। यह गंभीर प्रकृति का प्रतीत होता है।

कारण बताओ नोटिस में कहा गया है कि लोक सेवकों का दायित्व है कि चुनाव प्रक्रिया त्रुटि रहित हो एवं मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रयोग में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो। इसलिए उपरोक्त तथ्यों की जांच के क्रम में मतदाता सूची तैयार करने, वार्डवार मतदाता सूची के विखंडन तथा बूथ निर्माण संबंधी कर्मचारियों-अधिकारियों को चिह्नित किया जाए। बीएलओ सहित अन्य कर्मियों की जिम्मेवारी निर्धारित करते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा सहित जांच प्रतिवेदन सात दिनों में उपलब्ध करायी जाए।
