द फॉलोअप डेस्क, रांची
चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह से जुड़े मामले में ED की कार्रवाई तेज होती दिख रही है। जांच एजेंसी ने एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह को दोबारा समन जारी किया है। उन्हें 27 अगस्त को रांची स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
आरती सिंह को इससे पहले जारी समन में 20 अगस्त को पेश होने को कहा गया था। हालांकि, उन्होंने व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के बजाय ईडी से 10 दिन का अतिरिक्त समय मांगा था। उनके अनुरोध पर विचार करने के बाद एजेंसी ने नया समन जारी करते हुए 27 अगस्त की तारीख तय की है।

आरती सिंह की 27 अगस्त की पेशी अहम
एलबी सिंह के साले रंजीत सिंह की ईडी के सामने आज प्रस्तावित पेशी नहीं हो सकी। एजेंसी ने उन्हें पहले समन के बाद एक महीने का समय दिए जाने के अनुरोध को स्वीकार नहीं किया था और दूसरे समन के जरिए 24 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया था। इसके बावजूद रंजीत सिंह सोमवार को ईडी कार्यालय नहीं पहुंचे।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि रंजीत सिंह ने पेशी से छूट या नई तारीख के लिए ईडी से कोई अनुरोध किया है या नहीं। अब जांच एजेंसी की नजर उनकी अगली कार्रवाई पर है। मामले में आरती सिंह की 27 अगस्त की पेशी अहम मानी जा रही है।