जमशेदपुर:
डुमरिया प्रखंड के भालुकपातड़ा मौजा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मंगलवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उद्घाटन किया। इस मौके पर पोटका विधायक संजीव सरदार, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप बालमुचू समेत कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। गौरतलब है कि डुमरिया को आजादी के बाद पहला अस्पताल मिला है।

झारखंड गठन के 26 वर्ष बाद स्वास्थ्य सुविधा मिली
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पोटका विधायक संजीव सरदार ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार डुमरिया को अपना 30 बेड का अस्पताल मिला है। उन्होंने कहा कि झारखंड अलग राज्य बनने के 26 वर्ष बाद डुमरिया में यह बड़ी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हुई है। इससे पहले पुराने भवन में ही डुमरिया के लोगों को इलाज की सुविधा लेनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि यह डुमरिया के लोगों के लिए खुशी का क्षण है, क्योंकि यहां अस्पताल की मांग पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही थी। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार राज्य सरकार गरीब और असहाय लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करने का लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री पूरे राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
विधायक ने कहा कि डुमरिया अस्पताल में आने वाले दिनों में मैनपावर और आवश्यक उपकरणों की कमी नहीं रहे, इस संबंध में उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष मांग रखी है।
संजीव सरदार ने कहा कि जब भी वे क्षेत्र की किसी समस्या या मांग को लेकर स्वास्थ्य मंत्री के पास जाते हैं, तो मंत्री तत्काल उस पर सकारात्मक पहल करते हैं। उन्होंने बताया कि डुमरिया में अस्पताल के बाद अब जल्द ही पंचायत स्तर पर भी स्वास्थ्य भवनों के निर्माण की दिशा में काम किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को उनके घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

संजीव सरदार के कार्यशैली की मंत्री ने प्रशंसा की
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पोटका विधानसभा क्षेत्र में केवल स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि सड़क, भवन, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास का काम भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विकसित पोटका के संकल्प के साथ योजनाबद्ध तरीके से क्षेत्र के हर हिस्से में विकास कार्यों को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम कर रही है और आने वाले दिनों में राज्य को रिम्स-2 की सौगात मिलने जा रही है।
उन्होंने पोटका विधायक संजीव सरदार की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि युवा विधायकों में संजीव सरदार जैसा कोई नहीं है और वे देर रात तक जनता की सेवा में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि पोटका विधानसभा क्षेत्र को स्वास्थ्य के क्षेत्र में आने वाले दिनों में कई और सौगातें मिलने वाली हैं।
30 बेड के साथ कई जांच एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध
नवनिर्मित अस्पताल में 30 बेड, विभिन्न प्रकार की रक्त जांच, गैर-संचारी रोग (NCD) से संबंधित सेवाएं तथा किशोर स्वास्थ्य परामर्श केंद्र की सुविधा उपलब्ध होगी। अस्पताल को 24 घंटे संचालित करने की व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के माध्यम से टीबी, मलेरिया, पीलिया (जॉन्डिस) समेत अन्य आवश्यक जांच की सुविधा भी ग्रामीणों को मिल सकेगी।
उद्घाटन समारोह में कई विधायकों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप बालमुचू, जिला सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, सीओ डुमरिया पवन कुमार, बीडीओ निलेश कुमार मुर्मू, झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन, मिर्ज़ा सोरेन , भगत बसके, समेत जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।