रांची
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने छात्रों से कहा कि आप बड़े सपने देखें, लेकिन याद रखें सफलता रातों-रात नहीं मिलती। उन्होंने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन आपकी शैक्षणिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण अवसर है। प्रसन्नता का यह क्षण आपकी स्मृति में सदैव अंकित रहेगा। मैं आपसे कहना चाहूँगा कि आपकी शिक्षा यहीं समाप्त नहीं होती है, बल्कि यह वह नींव है जिस पर आप अपने भविष्य के प्रयासों का निर्माण करेंगे। यहां आपने जो ज्ञान और मूल्य अर्जित किया है, वे आपको आगे आने वाली चुनौतियों और अवसरों में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। कहा, हमारे पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने कहा था, "अपने सपने सच होने से पहले आपको सपने देखना होगा।" मुझे आपके रास्ते में आने वाली किसी भी बाधा को दूर करने की आपकी क्षमताओं पर पूरा विश्वास है।

समाज की भलाई में योगदान दें
राज्यपाल ने आगे कहा, शिक्षा का अर्थ केवल व्यक्तिगत लाभ नहीं है, बल्कि समाज की भलाई में योगदान देना भी है। क्या आपने सोचा है कि आप कैसे बदलाव ला सकते हैं। अपनी सभी गतिविधियों में नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर विचार करें। अपने समुदाय व समाज पर सकारात्मक प्रभाव डालने के लिए अपनी शिक्षा और कौशल का उपयोग करें। समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों तक अपनी मदद पहुँचाएं और उन्हें बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने में सहायता करें। आपकी उपलब्धियों से न केवल आपको लाभ होना चाहिए बल्कि आपके आस-पास के लोगों का भी उत्थान होना चाहिए।

इन शब्दों में की मोदी की चर्चा
विश्वविद्याल के बारे में कहा कि इस संस्थान के विद्यार्थियों को उनकी क्षमता हासिल करने में मदद करनी चाहिए। सिर्फ इमारत या बुनियादी ढांचे से संस्थान की पहचान नहीं आँकी जा सकती। विद्यार्थियों का प्रदर्शन ही विश्वविद्यालय की पहचान स्थापित करता है। हमारे देश के युवाओं ने ही भारत की विकास गाथा रची है। आज हमारे परम आदरणीय माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में पूरा विश्व हमारे देश को एक उभरती हुई महाशक्ति के रूप में देखती है। हमारा देश सक्रिय रूप से 2047 तक 'विकसित भारत' की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस यात्रा में हममें से प्रत्येक को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है।

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -