रांची
HEC कर्मचारियों को बेहतर और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने की मांग तेज हो गई है। HEC के महामंत्री रमा शंकर प्रसाद ने अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (प्रभारी), हेवी इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन (HEC) लिमिटेड, रांची को पत्र भेजकर पारस HEC अस्पताल में HEC के कार्यरत कर्मचारियों के लिए नियमित ओपीडी सेवा शुरू करने का अनुरोध किया है। पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में बड़ी संख्या में HEC कर्मचारियों को टाउनशिप अस्पताल के बाहर ओपीडी में इलाज कराने के लिए पहले अपनी जेब से भुगतान करना पड़ता है। इसके बाद कर्मचारियों को चिकित्सा खर्च की प्रतिपूर्ति के लिए दावा प्रस्तुत करना पड़ता है। इस प्रक्रिया से कर्मचारियों पर तत्काल आर्थिक बोझ पड़ता है और उन्हें प्रतिपूर्ति मिलने तक परेशानी का सामना करना पड़ता है।

अलग-अलग प्रतिपूर्ति दावों से प्रबंधन पर भी बढ़ता है बोझ
महामंत्री ने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी के चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावे को अलग-अलग संसाधित करने से HEC प्रबंधन पर भी अतिरिक्त प्रशासनिक और वित्तीय बोझ पड़ता है। ऐसे में इस व्यवस्था को सरल और प्रभावी बनाने के लिए HEC प्रबंधन को पारस HEC अस्पताल के साथ समन्वय कर एकमुश्त बिलिंग व्यवस्था लागू करनी चाहिए। इस व्यवस्था के तहत कर्मचारी पारस HEC अस्पताल में नियमित ओपीडी सेवा का लाभ उठा सकेंगे और अस्पताल प्रबंधन कर्मचारियों को उपलब्ध कराई गई सेवाओं का मासिक अथवा तय अवधि के आधार पर एकमुश्त बिल HEC को प्रस्तुत कर सकेगा।
कैशलेस इलाज से कर्मचारियों को मिलेगी बड़ी राहत
पत्र में कहा गया है कि इस व्यवस्था से कर्मचारियों को इलाज के समय अपनी जेब से तत्काल भुगतान करने की जरूरत नहीं होगी। उन्हें समय पर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सकीय परामर्श मिल सकेगा। वहीं, HEC को सैकड़ों अलग-अलग चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों के निपटारे की प्रक्रिया से भी राहत मिलेगी। इसके अलावा, संस्थागत स्तर पर ओपीडी और जांच सेवाओं के लिए निर्धारित एवं रियायती दर तय कराकर HEC अपने चिकित्सा खर्च को भी नियंत्रित कर सकता है।

कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कार्यक्षमता पर पड़ेगा सकारात्मक असर
महामंत्री ने कहा कि टाउनशिप में व्यवस्थित और परेशानी मुक्त स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने से कर्मचारियों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे कर्मचारियों के स्वास्थ्य, मनोबल और कार्यक्षमता पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने HEC प्रबंधन से पारस HEC अस्पताल प्रबंधन के साथ तत्काल वार्ता शुरू कर नियमित ओपीडी सेवा और एकमुश्त बिलिंग व्यवस्था लागू करने की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि निदेशक कार्मिक को शॉपी गई है।
