द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Jharkhand News: रांची (Ranchi) भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT Ranchi) के प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य कुमार (Aditya Kumar Suicide Case) ने कथित तौर पर हॉस्टल के अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद छात्रों का आक्रोश फूटा। छात्रों ने मामलेमें प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर बवाल काटा। शनिवार देर रात को छात्रों ने खेलगांव हाउसिंग कॉम्प्लेक्स स्थित हॉस्टल के बाहर धरना प्रदर्शन करने लगे।
इमरजेंसी सिस्टम फेल होने का दावा
प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि इमरजेंसी सिस्टम पूरी तरह फेल रहा। उनका दावा है कि रात करीब 11 बजे जब दरवाजा तोड़कर छात्र को नीचे उतारा गया तो उसकी सांसें चल रही थी। हॉस्टल की लिफ्ट खराब होने की वजह से छात्र को सीढ़ियों के सहारे नीचे लाया गया और सीपीआर देने की कोशिश की गई, लेकिन इस कोशिश में बहुत देरी हो गई। छात्रों का आरोप है कि एंबुलेंस की चाबी ढूंढ़ने में और 15 मिनट की देरी हो गई। जब एंबुलेंस आई तो उसमें बुनियादी जीवनरक्षक सुविधाओं, मसलन- ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य उपकरण नहीं थे।
.jpeg)
हॉस्टल कर्मियों पर गंभीर आरोप है
छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल स्टाफ दीपक रौशन मदद करने की जगह भाग खड़ा हुआ। आरोप है कि संस्थान के निदेशक कैंपस में होने की जगह शहर से बाहर थे। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण है इसलिए कैंपस में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगें क्या हैं!
शनिवार देर रात से ही प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग है कि संस्थान के निदेशक और एकेडमिक डीन तत्काल इस्तीफा दें। लापरवाह हॉस्टल कर्मियों पर कानूनी कार्रवाई की जाए और उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित हो। हॉस्टल की जर्जर व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की उच्चस्तरीय जांच हो।