द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र से साइबर अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर डिजिटल सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिदगोड़ा थाना में पदस्थापित आरक्षी चालक मनीष कुमार दुबे को साइबर ठगों ने निशाना बनाते हुए उनके दो बैंक खातों से कुल 1 लाख 4 हजार 900 रुपये उड़ा लिए। यह घटना साफ तौर पर दर्शाती है कि साइबर अपराधी अब आम लोगों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पुलिसकर्मी भी उनके निशाने पर हैं। .jpeg)
पीड़ित आरक्षी चालक मनीष कुमार दुबे के अनुसार ठगों ने बेहद शातिराना तरीके से उनके बैंक खातों में सेंध लगाई। एक खाते से 90 हजार रुपये, जबकि दूसरे खाते से 14 हजार 900 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। जब उन्हें ठगी का पता चला तो उनके होश उड़ गए।.jpg)
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने संबंधित थाना और साइबर सेल को सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि साइबर ठगों ने बैंक खातों से जुड़ी गोपनीय जानकारी किस तरीके से हासिल की।
ऐसे में पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या ओटीपी को साझा न करें और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर सेल को दें।