logo

सीएम की विधानसभा सदस्यता पर आयोग के मंतव्य की स्टडी जारी, बोले राज्यपाल

सीएम की विधानसभा सदस्यता पर आयोग के मंतव्य की स्टडी जारी, बोले राज्यपाल

द फॉलोअप डेस्कः
राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन ने सोमवार को कहा कि राजभवन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ खनन पट्टे की अवधि बढ़ाने को लेकर ऑफिस ऑफ प्रॉफिट मामले में निर्वाचन आयोग की सिफारिश पर विचार कर रहा है। जिन लोगों ने गलत काम किया है और दोषी पाए गए हैं, उन्हें परिणाम भुगतना होगा। निर्वाचन आयोग ने पिछले साल अगस्त में उस याचिका पर राजभवन को अपनी राय भेजी थी, जिसमें मांग की गई थी कि हेमंत सोरेन को खुद के लिए खनन पट्टा की अवधि बढ़ाने और चुनावी मानदंडों का उल्लंघन करने के लिए विधानसभा सदस्य के तौर पर अयोग्य घोषित किया जाए। 


तात्कालीन राज्यपाल ने नहीं खोला था लिफाफा 
मालूम हो कि तत्कालीन राज्यपाल रमेश बैस के कार्यकाल में ही भाजपा सहित अन्य लोगों द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा अनगड़ा में पत्थर खनिज लीज मामले में ऑफिस ऑफ प्रॉफिट के तहत कार्रवाई करने तथा विधानसभा की सदस्यता समाप्त करने की मांग की थी। इसके बाद राज्यपाल ने इस पर चुनाव आयोग से मंतव्य मांगा था। चुनाव आयोग ने पिछले वर्ष अगस्त माह में ही अपना मंतव्य भेज दिया था लेकिन तत्कालीन राज्यपाल ने कई बार पत्रकारों से कहा कि उन्होंने अभी लिफाफा नहीं खोला है। वर्तमान राज्यपाल सीपी राधा कृष्ण ने भी पहले कहा था कि चुनाव आयोग का जो भी मंतव्य होगा उसे पर नियम अनुसार अमल किया जाएगा। 


जो दोषी होंगे उनको परिणाम भुगतना होगा
राजभवन में एक कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन आयोग की सिफारिश को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में राधाकृष्णन ने कहा, “कुछ कठिनाइयां हैं। हमें उन्हें जांचना-परखना है और हम करेंगे।’’ राज्यपाल ने यह भी कहा, ‘‘मैंने बार-बार कहा है कि जिन्होंने कुछ भी गलत किया है और दोषी पाए गए हैं, उन्हें परिणाम भुगतना होगा। हम सार्वजनिक जीवन को स्वच्छ बनाए जाने की उम्मीद कर रहे हैं।’’ सांसद धीरज साहू से जुड़े परिसरों पर आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान नकदी जब्त होने के सवाल पर राज्यपाल ने कहा, “जब ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) और आईटी (आयकर विभाग) कोई कार्रवाई करता है, तो वह किसी विशेष पार्टी या पार्टी पदाधिकारी के खिलाफ नहीं होती है।” उन्होंने बताया कि एजेंसियां कार्रवाई उन लोगों के खिलाफ करती हैं, जो भ्रष्टाचार के मामले में आरोपी हैं।