logo

राज्यसभा चुनाव : कांग्रेस ने कहा एक सीट मेरा वहीं झामुमो ने दोनों सीटों पर ठोका दावा

jmm-cong2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
निकाय चुनाव के परिणाम से गदगद झामुमो ने अब राज्यसभा की दोनों सीटों पर अपना दावा ठोक दिया है। झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव मई–जून में होना है। लेकिन अभी से राजनीतिक दलों के बीच खींचतान शुरू हो गई है। एक तरफ झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू ने इन दो सीटों में से एक पर कांग्रेस का दावा किया है, वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडे ने दोनों सीटों पर ताल ठोक दी है। उनका कहना है कि अगर झामुमो मजबूत होगा तो महागठबंधन भी मजबूत होगा।

इसी बीच स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने अपने पिता फुरकान अंसारी को राज्यसभा भेजने की बात भी कही है। उन्होंने कहा कि फुरकान अंसारी को उनके हिस्से का सम्मान दिया जाना चाहिए। बता दें कि मौजूदा स्थिति में झारखंड में दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद राज्यसभा की एक सीट खाली है, वहीं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश का कार्यकाल 21 जून 2026 को समाप्त हो जाएगा। ऐसे में चुनाव से पहले कांग्रेस और झामुमो के बीच राज्यसभा सीटों को लेकर खींचतान शुरू हो गई है।

वहीं दूसरी ओर झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा में भी बेचैनी है। भाजपा के पास एक सीट जिताने के लिए आवश्यक विधायकों की संख्या नहीं है। हालांकि पार्टी के भीतर जोड़-तोड़ के जरिए एक सीट पर कब्जा करने की रणनीति बनाई जा रही है। यह तभी संभव है जब इंडिया गठबंधन के कुछ विधायकों का समर्थन भाजपा समर्थित प्रत्याशी को मिल जाए। राज्यसभा चुनाव में झारखंड पहले भी हॉर्स ट्रेडिंग को लेकर चर्चा में रहा है, इसलिए फिलहाल यह संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता कि किसी धनकुबेर को मैदान में उतारा जाए।

Tags - Jharkhand Rajya Sabha elections Congress JMM BJP face-off claims two seats