द फॉलोअप, रांची
जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार और धांधली को लेकर छात्रों के आंदोलन के बीच कांग्रेस का गंभीर बयान आया है। मालूम हो कि कांग्रेस राज्य की गठबंधन सरकार की प्रमुख सहयोगी पार्टी है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता आलोक दूबे ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा है-जेएसएससी सचिव सुधीर गुप्ता सभी सरकारी नौकरी बेच रहे हैं। आलोक दूबे ने कहा है कि उन्हें पक्की जानकारी है। जिम्मेदारी से बोल रहा हूं। उन्होंने अपने बयान को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और मुख्य सचिव अविनाश कुमार को भी टैग किया है।

यहां मालूम हो कि छात्र पहले से जेएसएससी पर सरकारी नौकरी बेचने और धांधली का आरोप लगा रहे हैं। अब सरकार में शामिल पार्टी भी इसे स्वीकार ही नहीं कर रही है बल्कि जिम्मेदारी के साथ बोल रही है। कांग्रेस के इस आरोप और बयान से छात्र आंदोलन को समर्थन मिला है। साथ ही छात्रों के आरोप भी पुख्ता हुए हैं।
