logo

सराहनीय पहल : रांची के चालकों ने शुरू की फ्री ऑटो एंबुलेंस सेवा, सरकार से कही ये बात

auto3.jpg

रांची 

रांची के चालक कल्याण संघ ने लोगों को परेशानियों को देखते हुए फ्री ऑटो एंबुलेंस सेवा की शुरुआत की है। इस बाबत चालक कल्याण संघ के वरिष्ठ सदस्य बजरंगी सिंह ने बताया कि चालकों को पता है कि मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना कितना जरूरी होता है। वहीं, सड़क दुर्घटना में घायलों को अस्पताल पहुंचाना भी दूसरी तरह की चुनौती होती है। कई लोगों की जान इसीलिए चली जाती है, क्योंकि उनको समय पर सही इलाज औऱ सही चिकित्सक नहीं मिल पाते हैं। लोगों की इन पेरशानियों को देखते हुए चालक संघ ने फ्री ऑटो एंबुलेंस सेवा की शुरुआत की है। 

ये होती है चालकों के साथ परेशानी 

चालक कल्याण संघ के सदस्य बजरंगी सिंह ने आगे बताया कि खुद एक हादसे में वे अपना एक पैर खो चुके हैं। वे सड़क दुर्घटना में पेश आने वाली परेशानियों को नजदीक से देख चुके हैं। कई बार वाहन मालिक या चालक घायलों को इसलिए अस्पताल पहुंचाने से इनकार कर देते हैं, क्योंकि फिर इसके बाद वे पुलिसिया चक्कर में फंस जाते है। उनको वाहन को साफ भी कराना पड़ता है। इस तरह की परेशानियों से बचने के लिए संघ की ओर से फ्री एंबुलेंस सेवा की शुरुआत की गयी है। 

सरकार से ये लगाई गुहार 

वहीं संघ से जुडे एक चालक वसीम मोहम्मद ने कहा कि ये पहल एक अच्छी सोच के तहत की गयी है। इसमें लोगों का सहयोग भी मिल रहा है। कहा कि सरकार को भी इस नेक पहल में मदद करनी चाहिये। परिवहन कर और अन्य तरह के शुल्क से दोनों ऑटो एंबुलेंस को छूट मिलनी चाहिये। चालक संघ ने इसके लिए सरकार से गुहार लगाई है। लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। सरकार थोड़ी सी मदद कर दे, तो फ्री सेवा देने वाले ऑटो एंबुलेंस की संख्या बढ़ायी जायेगी।