logo

आज से जीवन रक्षा को मिलेगी उड़ान, सीएम स्टेट हैंगर से एयर एंबुलेंस सेवा की करेंगे शुरुआत

airabmulance1.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
आज से राज्य वासियों के लिए एयर एंबुलेंस की सुविधा शुरू हो जाएगी। इस सेवा का शुभारंभ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। नागर विमानन विभाग ने इसके लिए रेडबर्ड प्राइवेट लिमिटेड के साथ करार किया है। सबसे खास बात है कि यह सेवा काफी कम दर पर लोगों को उपलब्ध कराई जाएगी। पहले एयर एंबुलेंस दूसरे राज्यों से मंगाए जाते थे जिसके लिए ज्यादा शुल्क देना पड़ता था। अब एयर एंबुलेंस के लिए रांची से दिल्ली का किराया 5 लाख, रांची से मुंबई के लिए 7 लाख, रांची से चेन्नई के लिए 8 लाख, रांची से कोलकाता के लिए 3 लाख, हैदराबाद के लिए 7 लाख, रांची से बनारस जाने के लिए 3 लाक 30 हजार, रांची से लखनऊ के लिए 5 लाख, रांची से तिरुपति के लिए आठ लाख लगेंगे। इसके अलावा देश के दूसरे हिस्से के लिए एंबुलेंस की सुविधा लेने पर प्रति घंटा 1 लाख 10 हजार एक्स्ट्रा देना होगा। 


इन दो नंबरों पर कर सरते हैं संपर्क 
रांची सहित झारखंड के गंभीर मरीजों को इमरजेंसी में देश के अन्य अस्पतालों में बेहतर इलाज के लिए अब परेशानी नहीं होगी। कम दर पर झारखंड की हेमंत सरकार यह सुविधा उपलब्ध कराने जा रही है। आज बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर से दिन के 1:00 बजे सीएम हेमंत सोरेन एयर एंबुलेंस सेवा का शुभारम्भ करेंगें। इमरजेंसी सेवा के तहत महज 2 घंटे की सूचना पर एयर एंबुलेंस की सेवा उपलब्ध होगी।  अगर अब आपको एयर एंबुलेंस की जरूरत पड़ती है तो इसके लिए आप फोन या फिर ईमेल के जरिए इसे पा सकते हैं। इसके लिए दो नंबर जारी किया गया है। इन दो नंबरों 8210594073 और 0651-4665515 पर आप कॉल कर एयर एंबुलेंस बुक करा सकते हैं।

राज्य के कई शहरों में मिलेगी सुविधा
हेमंत सरकार की ओर से शुरू की जा रही यह सुविधा रांची के अलावा राज्य के कई जिलों से मिलेगी। दरअसल राज्य सरकार अपना एयर एंबुलेंस विभिन्न जिलों के स्टेट हैंगर में रखेगी। जानकारी के अनुसार रांची के अलावा देवघर, दुमका, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो व जमशेदपुर की हवाई पट्टी से भी यह सुविधा मिलेगी। संबंधित जिलों के मरीज को इस सुविधा के लिए नागर विमानन विभाग या संबंधित जिलों के डीसी से संपर्क करना होगा।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT