logo

गोड्डा में मूर्ति विसर्जन के बाद दो गुटों में झड़प, थाना प्रभारी सहित 6 लोग घायल

गोड्डा में मूर्ति विसर्जन के बाद दो गुटों में झड़प, थाना प्रभारी सहित 6 लोग घायल

गोड्डा 

गोड्डा में मूर्ति विसर्जन के बाद 2 गुटों में मारपीट और पथराव की खबर है। घटना में 6 लोग घायल हुए हैं। घायलों में नगर थाना प्रभारी उमेश मोदी भी शामिल हैं। मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना बुधवार देर शाम की है। बताया जाता है कि काली प्रतिमा के विसर्जन के बाद 2 गुट आपस में भिड़ गए। उनके बीच जमकर मारपीट हुई। लोगों ने लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल किया। पथराव भी हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर जब नगर थाना प्रभारी उमेश मोदी घटनास्थल पर पहुंचे तो शरारती तत्वों ने उनपर भी पथराव किया। मामले की छानबीन जारी है। 

ये है पूरा मामला 
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक गोड्डा नगर थानाक्षेत्र अंतर्गत पथरा चौक के पास काली प्रतिमा विसर्जन के बाद दो गुटों में झड़प हो गई। इसमें थाना प्रभारी उमेश मोदी सहित 6 लोग जख्मी हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना में जख्मी खगेंद्रो महतो और मनीष महतो ने बताया कि विरंजन यादव, निरंजन यादव, सोहित यादव सहित अन्य लोगों ने उनपर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया। हमले में खगेंद्रो और मनीष सहित भवानी देवी, अजय महतो और यमुना देवी को भी गंभीर चोटें आई हैं। 

आक्रशित लोगों ने जाम की सड़क 
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीपीओ जेपीएन चौधरी, थाना प्रभारी मधुसुदन मोदी दल-बल के साथ पहुंचे। घटना की छानबीन जारी है। जख्मी नगर थाना प्रभारी उमेश मोदी को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। इधर, पीड़ित पक्ष के समर्थन में ग्रामीणों ने हमले के लिए जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी के लिए गोड्डा-सुंदरपहाड़ी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। आवागमन ठप होने से आम लोगों को परेशानी हुई। एसडीपीओ जेपीएन चौधरी ने लोगों को समझाया। उन्होंने कहा कि दोषियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।