रांची
चिटफंड घोटले में राशि गंवा चुके निवेशकों को अपने पैसे के लिए अभी और इंतजार करना होगा। हाईकोर्ट ने झारखंड सरकार को निवेशकों को पैसे लौटाने का आदेश दिया था। इस आदेश को झारखंड सरकार सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी। हेमंत सरकार की ओर से इसकी सूचना झारखंड हाईकोर्ट को दे दी गयी है। मामले की सुनवाई हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस संजय कुमार मिश्रा और जस्टिस आनंद की बेंच कर रही है। बता दें कि झारखंड में 147 करोड़ का चिटफंड घोटाला हुआ है। निवेशकों की इस राशि को लौटाने के लिए झारखंड हाईकोर्ट में लगभग आधा दर्जन याचिकाएं दाखिल की गयी हैं।

पिछली सुनवाई में हाईकोर्ट ने ये दिया था आदेश
इस मामले में हाईकोर्ट में 11 सितंबर को सुनवाई हुई थी। इस दिन हाईकोर्ट ने झारखंड सरकार को निवेशकों की राशि लौटाने के लिए एक हाई लेवल कमेटी बनाने का निर्देश दिया था। साथ ही हाई कमेटी की अधिसूचना 45 दिनों के अंदर जारी करने का आदेश दिया था। हाईकोर्ट ने प्रस्तावित कमेटी को राशि लौटाने के तरीकों को बताने का भी आदेश दिया था। इसके जवाब में सरकार की ओर से सीआईडी के आईजी की अध्यक्षा में कमेटी बनाने की बात कही गयी थी। हाईकोर्ट ने सरकार के इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी थी। हाईकोर्ट ने सख्ती बरतते हुए झारखंड सरकार से पूछा था कि वो हाईकोर्ट के किसी रिटायर जस्टिस की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर राशि लौटाना की इच्छुक है या नहीं। लेकिन सरकार की ओर से इस बाबत कोई साफ जवाब कोर्ट को नहीं दिया गया।

147 करोड़ रुपये डूबे हैं निवेशकों के
गौरतलब है कि चिटफंड घोटाला में निवेशकों के 147 करोड़ रुपये डूब चुके हैं। ईडी ने शपथ पत्र दाखिल कर इस घोटाले की तस्दीक की है। ईडी ने कोर्ट को जानकारी दी है कि झारखंड में डीजेएन ग्रुप नाम की कंपनी ने लोगों को अधिक लाभ का लालच देकर पैसे की राशि वसूली की है। यह राशि लगभग 147 करोड़ है। ये राशि लगभग डेढ़ हजार निवेशकों से 2012-15 के बीच वसूली गयी है। ईडी ने अपने शपथ पत्र में बताया है कि इस राशि की न सिर्फ गलत तरीके से उगाही की गयी है बल्कि इसे वैधानिक तौर पर जमा की गयी राशि बताया गया। इसी को आधार बनाकर ईडी ने मनी लाउंड्रिंग के तहत कंपनी पर मामला दर्ज कर राशि गबन की जांच की थी।
