logo

औचक भ्रमण : शहरी इलाकों में घर-घर जाकर मतदाताओं से मिले मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी 

औचक भ्रमण : शहरी इलाकों में घर-घर जाकर मतदाताओं से मिले मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी 

द फॉलोअप डेस्क  

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने आज रांची के 64 हटिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शहरी क्षेत्र के इलाही नगर, संजीवनी नगर एवं ज़ाकिर कॉलोनी में घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात की। उनसे मतदाता सूची से जुड़े मामलों से संबंधित शिकायतों व सुझावों को जाना। उन्होंने आम मतदाताओं से सीधे वार्तालाप कर यह जानने का प्रयास किया कि उनके परिवार में कोई मतदाता छूट तो नहीं गया है, क्या बीएलओ उनके घर-घर जाकर सत्यापन कर रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने एक अपार्टमेंट व दो स्लम इलाके के मतदाताओं के बीच बैठकर उनसे सामूहिक विमर्श भी किया।
उक्त भ्रमण से पूर्व उन्होंने अपने सभा कक्ष में रांची उपयुक्त एवं उनके निर्वाचन कार्यो से जुड़े प्रमुख अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। श्री के रवि कुमार ने कहा कि हर बार यही संज्ञान में आता है कि रांची के मतदाता अच्छे प्रतिशत में वोट नहीं करते हैं। यह बात यहां के मतदाताओं, निर्वाचन से जुड़े सभी कर्मियों और पदाधिकारियों के लिए गंभीरता के साथ चिंतन करने योग्य है।

वोटर आईडी नहीं बनने की शिकायत मिली 

आज के औचक भ्रमण के क्रम में के रवि कुमार ने कई मतदाताओं से मुलाकात की तथा उनके और उनके परिजनों का मतदाता सूची में नाम है या नहीं इसकी जानकारी ली। इस अवसर पर कुछ मतदाताओं ने बताया कि वे अर्हता  रखते हैं परंतु अभी तक उनका वोटर आईडी कार्ड नहीं बन पाया। वहीं कुछ ऐसे भी मतदाता मिले जिनका वोटर आईडी कार्ड दूसरे राज्य, जिले एवं विधानसभा क्षेत्र का बना हुआ है। काफी समय से इस क्षेत्र में रहने के कारण अपने मत का प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं। इन सबके लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिन लोगों का सूची में नाम नहीं है उनके लिए अभियान चलाएं। ऐसे क्षेत्रों में कैम्प लगाकर नागरिकों से फॉर्म 6 एवं फॉर्म 8 भरवाकर मतदाता सूची को अपडेट करें।