logo

JPSC बैकलॉग परीक्षा में भी धांधली, केवल 32 सवालों के जवाब देकर भी चुना गया अभ्यर्थी

jpsc33.jpg

रांची
JPSC की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में गड़बड़ी सामने आने के बाद अब JPSC बैकलॉग प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के रिजल्ट पर भी सवाल उठने लगे हैं। सीआईडी के समक्ष एक परीक्षा केंद्र की ओएमआर शीट सामने आई है, जिसमें एक अभ्यर्थी ने 100 में केवल 32 प्रश्नों के उत्तर दिए थे। प्रारंभिक उत्तर कुंजी से मिलान करने पर इनमें से सिर्फ 15 उत्तर सही और 17 गलत पाए गए। इसके बावजूद छह जुलाई को जारी परिणाम में संबंधित अभ्यर्थी को सफल घोषित कर दिया गया। इतने कम सही उत्तरों के आधार पर किसी अभ्यर्थी का प्रारंभिक परीक्षा में सफल होना सामान्य परिस्थितियों में संभव नहीं माना जा रहा है। इसी बीच JPSC ने 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के साथ-साथ बैकलॉग प्रतियोगिता परीक्षा की मुख्य परीक्षा पर भी रोक लगा दी है। यह परीक्षा एक, दो और तीन अगस्त को प्रस्तावित थी। उल्लेखनीय है कि 14वीं पीटी परीक्षा में भी ओएमआर शीट सामने आने के बाद ही कथित गड़बड़ी का मामला उजागर हुआ था।
अभय तिवारी ने JPSC पीटी भी की थी पास
JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं के आरोपी और परीक्षा संचालन करने वाली एजेंसी टोडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर रहे अभय तिवारी ने भी JPSC पीटी परीक्षा उत्तीर्ण की थी। बाद में वह सीजीएल के माध्यम से सरकारी सेवा में चयनित हुआ। उसके भाई अक्षय तिवारी और भाई की पत्नी का भी सीजीएल के जरिए चयन हुआ था। इस बार JPSC पीटी परीक्षा में अक्षय तिवारी के साथ अभय तिवारी भी सफल घोषित हुआ। जानकारी के अनुसार, अभय तिवारी पहले स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी एक एजेंसी में भी कार्यरत रह चुका है।
डिजिटल सर्वर और ओएमआर शीट में हेरफेर की जांच
जांच एजेंसियां परीक्षा के डिजिटल सर्वर और ओएमआर शीट में संभावित हेरफेर की जांच कर रही हैं। आरोप है कि अभय तिवारी कई महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हुआ और अपने संपर्क में रहने वाले अन्य अभ्यर्थियों को भी मेरिट सूची में स्थान दिलाने के लिए एक संगठित नेटवर्क तैयार किया। बताया जा रहा है कि अभय तिवारी के कई करीबी भी इस बार जेएसएससी पीटी परीक्षा में सफल हुए हैं। वर्ष 2023 में उसने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (बीएसओ) पद के लिए रैंक हासिल कर चयनित होने का दावा किया था। इसके अलावा वह पीजीटीटीसीई-2023 शिक्षक भर्ती की अंतिम चयन सूची में भी शामिल रहा तथा पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर स्थित एक उच्च विद्यालय में अंग्रेजी शिक्षक के रूप में चयनित हुआ। साथ ही एसीएफ (पीटी)-2024, एफआरओ (पीटी)-2024 और एफएसओ लिखित परीक्षा-2023 में भी उसके सफल होने की जानकारी सामने आई है।