द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में छह दिनों से लापता आठ वर्षीय बच्ची का शव शुक्रवार को अनंतपुर बंदोहरी गांव के समीप धान के खेत से बरामद किया गया। शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चट्टीअनंतपुर गांव की आठ वर्षीय बच्ची बीते आठ नवंबर को दीपावली की रात घर से दीप जलाने के लिए निकली थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। काफी देर तक बच्ची के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों और संभावित ठिकानों पर खोजबीन करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। अंततः परिजनों ने प्रतापपुर थाने में आवेदन देकर बच्ची के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी।

धान के खेत में पड़ा मिला बच्ची का शव
शुक्रवार को अनंतपुर बंदोहरी गांव के समीप कुछ ग्रामीणों ने धान के खेत में बच्ची का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तत्काल परिजनों को दी गई। खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान अपनी बच्ची के रूप में की। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मासूम का शव मिलने के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है, ताकि बच्ची की मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
बच्ची के परिजनों ने उसके साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने की मांग की है। साथ ही घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है। इस संबंध में थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना का जल्द खुलासा करने और दोषियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही बच्ची की मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।