द फॉलोअप डेस्क
सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस स्व एमवाई इकबाल की जमीन पर कब्जा मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ जांच पूरी कर ली गयी है। जांच अधिकारी ने चार्जशीट भी दाखिल कर दी है। इससे आरोपियों की मुश्किलें बढ़ गई है। बता दें कि इस मामले में जुनैद रजा उर्फ चुन्ना, पप्पु गद्दी उर्फ जमशेद गद्दी एवं अली हुसैन उर्फ टामी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गयी है। जांच अधिकारी ने कब्जे की कोशिश को सही पाते हुए चार्जशीट में जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने समेत अन्य 8 का जिक्र किया है। इस पर न्यायिक दंडाधिकारी कमलेश बेहरा की अदालत ने संज्ञान लिया है।

सुनवाई हाईकोर्ट में जारी है
बता दें कि घटना के बाद इस मामले में जमीन माफिया जुनैद रजा उर्फ चुन्ना को पुलिस ने 26 जून को अरेस्ट कर जेल भेज दिया था। वहीं पप्पु गद्दी उर्फ जमशेद गद्दी एवं एक अन्य को कुछ दिनों बाद पुलिस ने अरेस्ट कर जेल भेजा था। मामले के चौथे आरोपी पप्पु गद्दी का भाई शहनवाज अली उर्फ कंजो गद्दी ने 23 अगस्त को सरेंडर कर दिया है। अन्य दो आरोपी पप्पु कांड व परवेज आलम पकड़ से दूर है। इस घटना को लेकर लोअर बाजार थाना में कांड संख्या 203/2023 दर्ज किय गया था। लोअर बाजार थाना में भूमि की देखरेख में प्रतिनियुक्त हवलदार जैनुल अंसारी ने प्राथमिकी दर्ज करायी है। गौरतलब है कि इस घटना को लेकर झारखंड हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। और मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा था कि शहर के बीचो-बीच दिन दहाड़े भू-माफिया का जमीन पर कब्जा करना बेहद गंभीर मामला है। मामले की सुनवाई हाईकोर्ट में जारी है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N