logo

चांद की धरती पर पहुंचा चंद्रयान-3, पीएम बोले- चंदा मामा अब नहीं रहे दूर के

MOON3.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
चंद्रयान 3 के विक्रम लैंडर ने सफलता पूर्वक चांद की दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग कर ली है। इसी के साथ भारत ने इतिहास रच दिया है। चंद्रयान ठीक 6 बजकर 4 मिनट पर चांद की सतह पर पहुंच गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जोहान्सबर्ग से लाइव थे। उन्होंने कहा कि अब चंदा मामा दूर के नहीं बल्कि अब सिर्फ एक टूर के हैं। पीएम मोदी ने कहा, ‘‘यह पल अविस्मरणीय है, यह क्षण अभूतपूर्व है, यह क्षण विकसित भारत के शंखनाद का है। यह क्षण नए भारत के जयघोष का है। यह क्षण मुश्किलों के महासागर को पार करने का है। यह क्षण जीत के चंद्र पथ पर चलने का है. यह क्षण 140 करोड़ धड़कनों के सार्म्थय का है।  यह क्षण भारत में नई ऊर्जा, नये विश्वास, नई चेतना का है। यह समय चंद्र पथ पर चलने का समय है। मैं देश के 140 करोड लोगों का धैर्य का आभार जातता हूं। इसरो के सभी वैज्ञानिक जिन्होंने चंद्रयान को सफलतापूर्वक चांद तक पहुंचने में अपनी की जान लगा दी है उन सभी का बहुत धन्यवाद करता हूं। यह पल विकसित भारत के चंद्रकाल का है। इसरो ने अपनी पूरी ताकत लगाई है। आज हर भारतीय गर्व में डूबे हैं। उन्होंने कहा कि हम हमारे सौरमंडल के सीमाओं को जानने का समर्थ रखेंगे और मानव के लिए ब्रह्मांड के अनेक संभावनाओं को साकार करने के लिए भी जरूर काम करेंगे। हमने भविष्य के लिए कई बड़े और महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किए हैं। जल्द ही सूर्य के विस्तृत अध्ययन के लिए इसरो आदित्य L1 मिशन लॉन्च करने जा रहा है। इसके बाद शुक्र भी इसरो के लक्ष्य में से एक है। भारत बार-बार यह साबित कर रहा है कि स्काई इज नॉट द लिमिट। साइंस और टेक्नोलॉजी देश के उज्जवल भविष्य का आधार है। इसलिए आज के इस दिन को देश हमेशा के लिए याद रखेगा। यह दिन हम सभी को एक उज्जवल भविष्य की ओर प्रेरित करेगा। यह दिन हमें अपने संकल्पों के सिद्धि का रास्ता दिखाएगा। यह दिन इस बात का प्रतीक है की हार से सबक लेकर जीत कैसे हासिल की जाती है। एक बार फिर देश के सभी वैज्ञानिकों बहुत-बहुत बधाई और भविष्य के विषयों के लिए शुभकामनाएं ।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N