logo

लीजिए, अब झारखंड जनहित याचिका नियम को चैलेंज! हाईकोर्ट में पिटीशन दायर

लीजिए, अब झारखंड जनहित याचिका नियम को चैलेंज! हाईकोर्ट में पिटीशन दायर

रांची 

झारखंड में अब तक लोग जिस जनहिता याचिका के तहत न्याय की गुहार लगाते रहे हैं, उसे ही चैलेंज किया गया है। मामले में झारखंड हाईकोर्ट में एक याचिका भी दाखिल की गयी है। दायर याचिका में जनहित याचिका के नियम 2010 की 5 धाराओं को अनुचित बताते हुए इसे चैलेंज किया गया है। इन धाराओं को बदलने की मांग की गयी है। इस मामले में हाईकोर्ट में मंटू सोनी की ओर से पिटीशन दायर किया गया है। जनहित याचिका नियमों को चैलेंज करने वाली इस याचिका पर बहस के लिए एडवोकेट अभिषेक गुप्ता ने स्वीकृति दे दी है। 

क्या कहा गया है दायर पिटीशन में 

प्रार्थी मंटू सोनी ने दायर याचिका में कहा है कि झारखंड में एक्टिव जनहित याचिका नियम 2010 की 5 धाराओं में कमी है। धाराएं असंवैधानिक हैं, इनको बदला जाना चाहिये। कहा है इन पांच धाराओं में न्याय पाने के लिए जिन प्रावधानों का जिक्र किया गया है, उनमें स्पष्टता का अभाव है। पिटीशन के मुताबिक धारा पांच, सात औऱ नौ में खामियां हैं। इन धाराओं में अंकित क्रेडेंशियल शब्द की व्याख्या में स्पष्टता नहीं है। इसका गलत लाभ कई बार आरोपी पक्ष को मिल जाता है। याचिकाकर्ता ने बताया है कि इसके स्थान पर सुप्रीम कोर्ट की ओर से जनहित याचिका नियमों के लिए जो निर्देश दिये गये हैं, वे कहीं अधिक स्पष्ट और सारगर्भित हैं। सुप्रीम कोर्ट के इन प्रावधानों के आधार पर ही झारखंड जनहित याचिका नियमों को चुनौती दी गयी है। 

सुप्रीम कोर्ट में क्या है नियम  

गौरतलब है कि झारखंड हाईकोर्ट के जनहित याचिका नियम 2010 की धारा 5 के तहत याचिका दायर करने वाले व्यक्ति को उस पर सिविल या आपराधिक मुकदमों का विवरण देना अनिवार्य नहीं किया गया है। दूसरी ओर इसी मामले में सुप्रीम कोर्ट में एक्टिव जनहित याचिका नियम में ये साफ तौर पर निर्देश दिया गया है कि पिटीशन दायर करने वाले पर किसी भी तरह के आपराधिक, नागरिक या राजस्व से संबंधित प्राथमिकी का विवरण अदालत को देना जरूरी है। क्योंकि इस प्राथमिकी का संबंध दायर याचिका के मुद्दों से भी हो सकता है। इस आधार पर याचिकाकर्ता के विरुद्ध दायर मुकदमों का डिटेल याचिका में आवश्यक है।