logo

खाद्य आयोग के अध्यक्ष ने सीपी राधाकृष्णन से की मुलाकात, राज्यपाल बोले- केंद्र और राज्य सरकार से जो भी मदद चाहिए करूंगा 

खाद्य आयोग के अध्यक्ष ने सीपी राधाकृष्णन से की मुलाकात, राज्यपाल बोले- केंद्र और राज्य सरकार से जो भी मदद चाहिए करूंगा 

द फॉलोअप डेस्कः 
झारखंड राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष हिमांशु शेखर चौधरी और सदस्या शबनम परवीन ने आज राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों ने राज्य खाद्य आयोग द्वारा प्रकाशित और झारखंड  विधानसभा में दिए गये वर्ष 2020-2022 तक का वार्षिक रिपोर्ट  राज्यपाल को सौंपा। आयोग के अध्यक्ष ने राज्यपाल को आयोग द्वारा किये जा रहे कार्यों, आयोग की संरचना एवं कार्यबल से जुडा़ रिपोर्ट भी दिया। राज्यपाल ने आयोग द्वारा अब तक कुल- 09 जिलों (पलामू, धनबाद, बोकारो, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, जामताड़ा, दुमका एवं गोड्डा) में किये गये मुखिया संवाद, सुनवाई, जनसुनवाई एवं स्थल निरीक्षण के कार्यों की सराहना की। राज्यपाल ने आयोग द्वारा शुरू किये गये मुखिया संवाद कार्यक्रम में स्वयं उपस्थित होकर वस्तु-स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की इच्छा जताई और अपने प्रधान सचिव, नितिन मदन कुलकर्णी को आयोग के साथ विमर्श करने को कहा। साथ ही इस दिशा का कार्यक्रम जून माह में साहेबगंज जिले के बोरियो प्रखंड में निर्धारित करने का निर्देश दिया। 


जरूरत पड़ने पर केंद्र औऱ राज्य दोनों सरकार से कराएंगे सहयोग
राज्यपाल ने आयोग के अध्यक्ष को यह निर्देश भी दिया कि भविष्य में अन्य जिलों में आयोजित होने वाले मुखिया संवाद कार्यक्रम, सुनवाई एवं जनसुनवाई उन प्रखंडों में रखें जहां से कुपोषण एवं मध्याह्न भोजन से जुड़ी ज्यादा शिकायत आ रही हों। उन्होंने यह भी कहा कि वे एक रिपोर्ट के माध्यम से यह बताएं कि राज्य में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम को शत्‌ प्रतिशत क्रियान्वित करने में राज्य और केंद्र सरकार से कितना और किस प्रकार का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने आयोग के अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि जरूरत पड़ने पर वे राज्य एवं केंद्र सरकार से बातचीत कर कमियों को दूर कराने की दिशा में सहयोग करेंगे। आयोग के अध्यक्ष  हिमांशु शेखर चौधरी ने राज्यपाल को बताया कि इस वर्ष 9 दिसम्बर को आयोग स्थापना  दिवस के दिन राज्य के सभी जिलों में 4458 को लागू करने में बेहतर काम करने वाले तीन मुखिया को सम्मानित करने की योजना है। राज्यपाल ने आयोग के अध्यक्ष को निर्देश दिया कि मुखिया को पुरस्कृत करने की चयन प्रक्रिया ऐसी हो, जिसमें चयन से पहले सम्बन्धित पंचायतों  के संचालन का निष्पक्ष भौतिक परिक्षण कर लेना चाहिए अन्यथा आयोग सभी लाभुकों को उनका हक दिलाने का मकसद हासिल नहीं कर पाएगा। 


राज्यपाल ने की प्रशंसा 
राज्यपाल ने आयोग द्वारा जारी वाट्सएप्प नं०-94262294 में शिकायत दर्ज करने की पहल, आयोग की वेबसाईट के माध्यम से ऑनलाईन शिकायत प्राप्त करने, वीडियो कॉफेंसिंग के माध्यम से सुनवाई करने, टीवी न्यूज चैनलों एवं अखबारों में विज्ञापन जारी कर 4457 की योजना एवं लाभुकों को उनके अधिकार बताने के प्रयास, लाभुकों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन की दिशा में बेहतर काम, पदाधिकारी एवं मुखिया को सम्मानित करने की प्रस्ताव जैसे पहल की प्रशंसा की। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : http://https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT