द फॉलोअप डेस्क
चाईबासा पुलिस को देर रात बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। डकैती, फायरिंग और लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किये हैं। गिरफ्तार बदमाशों में चक्रधरपुर के टोकलो थाना क्षेत्र के तिलोपदा गांव निवासी सरोज बोदरा (26), टोकलो के आराहांगा गांव निवासी श्यामलाल केराई (28) और सिकंदर केराई (29) शामिल हैं। 
पुलिस के अनुसार, श्यामलाल केराई इससे पहले 3 जून को सोनुआ थाना से आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, 7,200 रुपये नकद और एक अल्टो कार बरामद की गई है।.jpeg)
दरअसल, एसपी को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध हथियार के साथ अल्टो कार से चक्रधरपुर से चाईबासा की ओर घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर चाईबासा पुलिस टीम को अलर्ट किया गया। इसके बाद शारदा गांव के पास संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जहां हथियार और नकदी बरामद हुई। इस कार्रवाई में चक्रधरपुर एसडीपीओ बहामन टूटी के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया था। टीम में चाईबासा मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार, एसआई दिनेश कुमार और एएसआई नागेंद्र शामिल थे।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 8 दिसंबर को कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के तोरलो मोड़ के पास नौ साथियों के साथ मिलकर एक व्यापारी से 85 हजार रुपये की डकैती की थी। इसके अलावा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के क्यापता गांव के पास बाइक सवार से मोबाइल फोन और 1,200 रुपये लूटने की बात भी कबूल की है।