logo

चाईबासा : अस्पताल में भर्ती थी नवजात बेटी, उसे देखने जा रहे पिता की सड़क हादसे मौत

अस्पताल में भर्ती थी नवजात बेटी, उसे देखने जा रहे पिता की सड़क हादसे मौत

पश्चिमी सिंहभूम: 
WEST SINGHBHUM:
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय सूरज विरुआ की मौत हो गई। उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से टकरा गई। बताया जा रहा है कि सूरज अपनी बीमार नवजात बेटी को देखने चाईबासा सदर अस्पताल जा रहे थे। दो दिन पहले ही उनके घर दूसरी बेटी का जन्म हुआ था। इस घटना से परिवार में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। सूरज विरुआ मंझारी प्रखंड के सेरेनगडीह गांव के रहने वाले थे और गुजरात में मजदूरी करते थे। उनकी शादी वर्ष 2022 में हुई थी। परिवार में दूसरी संतान के रूप में दो दिन पहले ही बेटी का जन्म हुआ था। नवजात की तबीयत खराब होने के कारण उसे चाईबासा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बेटी के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने के बाद सूरज उसे देखने के लिए स्कूटी से अस्पताल जा रहे थे।

सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकराई स्कूटी
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा तुईवीर पंचायत भवन के पास सड़क के एक मोड़ पर हुआ। इसी दौरान सूरज की स्कूटी सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों का कहना है कि हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस बीच, सूरज के परिजन भी सदर अस्पताल में नवजात बच्ची को देखने के बाद गांव लौट रहे थे। रास्ते में उन्हें सूरज की क्षतिग्रस्त स्कूटी दिखाई दी। स्कूटी की पहचान करने के बाद उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद उन्हें हादसे की जानकारी मिली। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सूरज को चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ट्रेलर चालक पर लापरवाही का आरोप
इस हादसे के बाद परिजनों ने ट्रेलर चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि तकनीकी खराबी के कारण ट्रेलर सड़क पर खड़ा था, तो उसके पीछे इंडिकेटर, चेतावनी संकेत या सुरक्षा के अन्य इंतजाम किए जाने चाहिए थे। परिजनों के मुताबिक, सड़क के मोड़ पर बिना किसी चेतावनी संकेत के ट्रेलर खड़ा था। ऐसे में पीछे से आने वाले वाहन चालकों को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी और सूरज की स्कूटी उससे टकरा गई। परिवार में दो दिन पहले बेटी के जन्म से खुशियां थीं, लेकिन अस्पताल में भर्ती नवजात को देखने जा रहे पिता की सड़क हादसे में मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Tags - Chaibasa AccidentWest SinghbhumRoad AccidentJharkhand NewsScooter Crash