रांची
रांची जिले में मैट्रिक के लिए 100 और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 120 सेंटर बनाये जायेंगे। इस संबंध में आज जिला परीक्षा केंद्र चयन समिति कि बैठक आयोजित कि गई। बैठक की अध्यक्षता रांची उपायुक्त ने की। बैठक में वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2024 के लिए परीक्षा केंद्रों और मूल्यांकन सेंटर पर चर्चा हुई। बताया गया कि इस वर्ष मैट्रिक की परीक्षा में रांची जिले के कुल 38041 छात्र बैठेंग। वहीं, इंटरमीडिएट की परीक्षा में 43175 छात्र हिस्सा लेंगे। कहा कि कदाचारमुक्त औऱ शांतिपूर्वक परीक्षा के लिए इस बार कड़े कदम उठाये जा रहे हैं। मौके पर उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी की व्यवस्था करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। बता दें कि ये दोनों परीक्षाएं 6 फरवरी, 2024 से शुरू होंगी।

परीक्षा केंद्र बनाते समय इन बातों का रखना होगा ध्यान
उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने कहा कि परीक्षा केंद्र उसी प्रखंड मुख्यालय में बनाया जाये जहां राष्ट्रीयकृत बैंक और पुलिस स्टेशन हो। कहा कि परीक्षा सशस्त्र बल एवं दण्डाधिकारी की देख-रेख में ली जायेगी। सभी केंद्रों पर सुबह 8.30 बजे ओएमआर शीट/प्रश्न-सह-उत्तरपुस्तिकाओं को पहुंचाने की व्यवस्था होगी। परीक्षा समाप्त होने पर उसी दिन दोनों पत्रों को कोषागार में पहुंचाना है। कहा कि परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में डेस्क, टेबल-कुर्सी और प्रकाश व्यवस्था को सुनिश्चित करना है।

बैठक में ये लोग रहे शामिल
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी रांची, मिथलेश केरकेट्टा, पुलिस अधीक्षक रांची (शहर), राजकुमार मेहता, सांसद रांची लोकसभा, संजय सेठ के सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, कांके, सिल्ली, रांची सदर, अध्यक्ष रांची जिला माध्यमिक शिक्षक संघ रांची, अध्यक्ष रांची जिला इंटरमीडिएट शिक्षक संघ रांची, अध्यक्ष रांची जिला संस्कृत शिक्षक संघ और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
