logo

बिल्डर की दिनदहाड़े हत्या, कार से जा रहे थे; बाइक सवार शूटरों ने पीछा कर दागी गोलियां

बिल्डर की दिनदहाड़े हत्या, कार से जा रहे थे; बाइक सवार शूटरों ने पीछा कर दागी गोलियां

पटना 

पटना के दानापुर से एक दिल दहला देने वाली खबर आ रही है। यहां एक बिल्डर सह बीजेपी नेता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। बताया जा रहा है कि बिल्डर वारदात के समय कार से जा रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार 4-5 अपराधियों ने उन पर फायरिंग की। बिल्डर को 5 गोलियां लगी हैं। घटना रुपसपुर के नहर रोड, चुल्हाईचक के पास शुक्रवार को घटी है। मृतक बिल्डर का नाम आलोक बताया जाता है।  इस वारदात से बिहार की राजधानी पटना और इसके आसपास लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल उठने लगे हैं। मृतक आलोक के परिजनों के लिए त्योहारी सीजन में यह घटना अभिशाप बनकर आयी है। आलोक को एक बेटा और एक बेटी है।

मंटू शर्मा की हत्या से जुड़े  हो सकते हैं तार 

बताया जाता है कि अपराधियों ने उनकी कार का पीछा कर उनको गोली मारी। इस हत्या को कुछ दिन पहले हुई बिल्डर मंटू शर्मा की हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है। खबर है कि आलोक और मंटू शर्मा आपस में गहरे दोस्त थे। दोनों ने कई बिल्डिंग प्रोजेक्ट में एक साथ काम किया था। मंटू शर्मा को छह महीने पहले उनके ही घर में घुसकर अपराधियों ने गोली मार दी थी। दोनों दोस्त बिल्डिंग के साथ जमीन का कारोबार भी साथ मिलकर करते थे। 

इस तरह घटी घटना 

मिली खबर के मुताबिक आलोक शाम पांच बजे के लगभग अपनी कार से पटना की ओऱ जा रहे थे। इस समय उनके साथ कुछ औऱ लोग कार में थे। कार को उनका ड्राइवर चला रहा था। इसी दौरान चुल्हाईचक के पास दो बाइक सवारों ने कार का पीछा किया। फिर कार के नजदीक पहुंचने पर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इस बीच आलोक को पांच गोलियां लगीं। अपराधियों की बाइक भी कार से टकरा कर सड़क पर गिर गयी। अपराधी बाइक को वहीं छोड़कर भाग निकले। परिजनों ने बताया कि अपराधियों ने न कार चालक को निशाना बनाया न आलोक के साथ के बाकी लोगों को। गोली लगने के बाद आलोक को परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के चिकित्सकों ने आलोक को मृति घोषित कर दिया।