जमशेदपुर
गढ़वा जिले के रमना प्रखंड सह अंचल कार्यालय में एक कर्मी द्वारा खुलेआम रिश्वत की मांग करने और बाद में पैसा लौटाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यहां पदस्थापित कर्मी दिवाकर सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिसमें वह रिश्वत के पैसे वापस करते नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि रिश्वत की राशि मोबाइल बैंकिंग के माध्यम से ली गई थी, जिसकी पुष्टि स्वयं पीड़ितों ने की है. रमना अंचल कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रखंड प्रमुख ने मोर्चा खोल दिया है. आरोप है कि अंचल कार्यालय में पदस्थापित कर्मी दिवाकर सिंह जमीन रजिस्ट्री और केवाला से संबंधित कार्यों के नाम पर प्रति केवाला 15 हजार रुपये साहब के नाम पर तथा 5 हजार रुपये अपने लिए लेते थे. बताया जा रहा है कि ऐसे लगभग एक दर्जन मामले सामने आए हैं, जिनमें पीड़ितों से पैसे लिए गए हैं. पीड़ितों के पास इसके प्रमाण भी मौजूद हैं.
एक मामले में कर्मी द्वारा रिश्वत की रकम वापस करते हुए वीडियो भी सामने आया है, जो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. पीड़ितों का आरोप है कि कई मामलों में किसी व्यक्ति की जमीन को दूसरे के नाम पर पंजी-2 में दर्ज कर दिया गया. यहां तक कि आरोप यह भी है कि कर्मी ने अपने साले के नाम पर भी जमीन की रजिस्ट्री कराई है. इस मामले को लेकर पीड़ितों ने प्रखंड प्रमुख से शिकायत की, जिसके बाद प्रमुख ने संबंधित कर्मी और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी. प्रमुख ने कहा कि ऐसे कई मामले हैं, जिनमें दिवाकर सिंह ने सीधे अपने खाते में पैसे लिए हैं. एक मामले का वीडियो भी वायरल हुआ है. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की शिकायत उपायुक्त से की जाएगी और दोषी कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी.
