रांची
भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने पलामू के तीन बार सांसद एवं पूर्व विधायक रहे वरिष्ठ भाजपा नेता ब्रजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल (Governor) नियुक्त किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे झारखंड और विशेष रूप से दलित समाज के लिए ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण क्षण बताया है। बाउरी ने कहा कि शारदीय नवरात्र (Sharadiya Navratri) के पावन अवसर पर झारखंड को यह गौरवपूर्ण समाचार प्राप्त हुआ है। ब्रजमोहन राम एक सरल, मृदुभाषी, समर्पित एवं जमीन से जुड़े कार्यकर्ता रहे हैं। उन्हें राज्यपाल जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद (Constitutional Post) की जिम्मेदारी सौंपना भारतीय जनता पार्टी की कार्यकर्ता आधारित संगठनात्मक संस्कृति (Organizational Culture) और सामाजिक समरसता (Social Harmony) के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
.jpeg)
दायित्व मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय
उन्होंने कहा कि झारखंड के दलित समाज से आने वाले एक साधारण कार्यकर्ता को इतना बड़ा संवैधानिक दायित्व मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। बाउरी ने कहा, "यह केवल भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है कि समाज के अंतिम पायदान से आने वाला एक साधारण कार्यकर्ता अपनी निष्ठा, समर्पण और जनसेवा के बल पर राज्यपाल जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद तक पहुँच सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने बार-बार सिद्ध किया है कि भाजपा के लिए सामाजिक न्याय केवल नारा नहीं, बल्कि व्यवहार और निर्णयों में दिखाई देने वाला संकल्प है।"

कांग्रेस पर निशाना साधा
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्रदान करता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दलित, पिछड़े, वंचित और लंबे समय तक हाशिए पर रहे समाज के लोगों को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व देकर इसी संवैधानिक भावना को साकार किया जा रहा है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बाउरी ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक दलित समाज के वोटों के सहारे सत्ता का सुख भोगा, लेकिन उन्हें वास्तविक सम्मान और नेतृत्व देने के बजाय केवल वोट बैंक तक सीमित रखा।
