द फॉलोअप डेस्क
बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के सिधावनी के समीप बोकारो-पुरुलिया मार्ग NH-32 पर शुक्रवार रात करीब 11 बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक ही मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद शनिवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। चारों युवकों की मौत से आहत परिजनों और ग्रामीणों ने सुबह करीब सात बजे गुवाय पुल के समीप NH-32 को जाम कर दिया। बारिश के बावजूद ग्रामीणों ने सड़क पर तंबू लगाकर धरना दिया, जिससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई।

मृतकों में तीन नाबालिग
मृतकों की पहचान आमाडीह गांव निवासी 17 वर्षीय बुलेट प्रमाणिक, पिता हरि प्रमाणिक, 15 वर्षीय आनंद महतो, पिता परमेश्वर महतो, 17 वर्षीय डाक्टर महतो, पिता शक्ति पद महतो और 18 वर्षीय धना महतो, पिता बुद्धेश्वर महतो के रूप में हुई है। बताया गया कि चारों युवक शुक्रवार को एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर बंगाल की ओर घूमने और खाने-पीने गए थे। वापस लौटने के दौरान सिधावनी के समीप अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि चारों युवकों के सिर में गंभीर चोट लगी और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने शवों को मर्चरी में रखवाया
घटना की सूचना देर रात मिलने के बाद पिंड्राजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों युवकों को इलाज के लिए सदर अस्पताल बोकारो ले गई। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने चारों शवों को बीजीएच की मर्चरी में रखवा दिया। सुबह हादसे की जानकारी और चार युवकों की मौत से गांव में मातम पसर गया, वहीं परिजन और ग्रामीण सड़क पर उतर आए। ग्रामीणों के सड़क जाम करने से NH-32 पर यातायात प्रभावित रहा।