द फॉलोअप डेस्क:
Jharkhand News: बोकारो-पुरुलिया (Bokaro Purulia) मुख्य मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-32 (NH 32) के नगेन मोड़ के पास रविवार सुबह एक अनियंत्रित ट्रेलर (Trailer) सड़क किनारे स्थित दुकानों में जा घुसा। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो दुकानें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र में झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा के पास हुई।

चाय पी रहे लोगों को ट्रेलर ने कुचला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय दुकान में चार लोग बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान पिंड्राजोरा से पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर दुकान में घुस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुकान के मलबे में लोग दब गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। हादसे में सरदाहा गांव निवासी गुई राम ओझा और शीदाम घटवाल की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक महिला समेत चार लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दो घायलों को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जबकि अन्य घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से ले जाया गया।

आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सड़क जाम होने से मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। पिंड्राजोरा थाना प्रभारी रवि कुमार के मुताबिक, हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और घायलों को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।