logo

गढ़वा में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

WhatsApp_Image_2026-05-29_at_10_57_21_AM.jpeg

गढ़वा
गढ़वा शहर थाना क्षेत्र के रामा साहू विद्यालय के मैदान में एक युवक का शव फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. परिजनों ने हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. गढ़वा शहर के अतिव्यस्त इलाके शिवाजी मैदान के पास स्थित रामा साहू विद्यालय के मैदान में स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा. इसके बाद यह सूचना आसपास के क्षेत्रों में तेजी से फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी सदर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.

परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
मृतक की पहचान शहर के टंडवा मोहल्ला निवासी दिव्यांशु गुप्ता उर्फ शुभम गुप्ता के रूप में हुई है. मृतक के भाई ने बताया कि रात में उसके भाई के एक दोस्त ने फोन कर सूचना दी थी कि शुभम फांसी लगाने की बात कर रहा है. इसके बाद वह अपने चाचा के साथ शहर के कई स्थानों पर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला. सुबह सूचना मिली कि रामा साहू उच्च विद्यालय के खेल मैदान में उसका शव फंदे से लटका हुआ है. परिजनों का कहना है कि तीन दिन पहले एक लड़की को लेकर शुभम और उसके दोस्तों के बीच विवाद हुआ था. उन्होंने आरोप लगाया कि शुभम ने आत्महत्या नहीं की उसकी हत्या की गई है.  

Tags - Garhwa News Garhwa Youth Death Shubham Gupta Case Jharkhand Crime News Garhwa Suicide Case