logo

14वीं JPSC में कथित गड़बड़ी, भाजयुमो का भारी बवाल और चेयरमैन का इस्तीफा; अब तक जो पता है...

JPSC_PROTEST.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ आज भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रदर्शन है। पूर्व निर्धारित जेपीएससी आयोग कार्यालय के घेराव कार्यक्रम के तहत आज भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला। भीड़ बैरिकेडिंग तोड़ते हुए जेपीएससी कार्यालय के मुख्य गेट तक पहुंच गई और फिर वहीं धरना प्रदर्शन करने लगी। जेपीएससी दफ्तर का घेराव करके कार्यकर्ताओं ने सरकार और आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। इससे पहले बीते 21 जुलाई को भी राजधानी रांची समेत झारखंड के अलग-अलग शहरों में जेपीएससी के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। 

14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में कथित गड़बड़ी
आरोप है कि 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा की पीटी परीक्षा में  गड़बड़ी की गई है। आरोप है कि ब्लैकलिस्टेड कंपनी को परीक्षा कराने का जिम्मा दिया गया। एक ओएमआर शीट के हवाले से आरोप लगाया गया है कि कम अंक होने के बावजूद अभ्यर्थी को पीटी परीक्षा में सफल घोषित किया गया। बीते मंगलवार को सीआईडी और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने जेपीएससी दफ्तर में छापेमारी भी की। इस दौरान असिस्टेंट परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता समेत अन्य लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है। बताया जाता है कि परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी का कार्यालय भी सील कर दिया गया है। 

जेपीएससी अध्यक्ष ने पद से दिया इस्तीफा
सीआईडी और रांची पुलिस की कार्रवाई और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के बीच जेपीएससी के चेयरमैन एल खियांग्ते ने अपने पद से इस्तीफा दिया है। कहा जा रहा है कि एल खियांग्ते से सरकार ने एल खियांग्ते से इस्तीफा मांग लिया है। हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इधर, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सीआईडी की कार्रवाई को छलावा बताते हुए असली गुनहगार को बचाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कार्रवाई के दौरान सबूत नष्ट करने के आरोप लगाए हैं। 


 

Tags - JPSCBJYMBJPHemant SorenProtest