द फॉलोअप डेस्क,रांचीः
BJP News Jharkhand: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा देशभर में 1 से 25 दिसंबर तक चलाए जाने वाले "सेवा दूत अभियान" को लेकर रांची के धुर्वा स्थित मयूरवन बैंक्वेट हॉल, रेनबो वाटर पार्क, सैम्बो बालालोंग में झारखंड भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला संपन्न हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में कार्यशाला का आयोजन किया गाय। कार्यशाला में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय मंत्री एवं पश्चिम बंगाल से लोकसभा सांसद मनोज तिग्गा तथा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय की विशेष उपस्थिति रही। कार्यशाला में प्रदेश भर से पहुंचे सेवा दूतों को बूथ स्तर तक सेवा भाव, संगठन विस्तार और जनकल्याण के संकल्प को सशक्त बनाने का मार्गदर्शन दिया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाना, योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को चिह्नित कर दूर करने का प्रयास करना, लाभार्थियों से संवाद स्थापित करना, स्थानीय समस्याओं को जानकर उनके समाधान की दिशा में पहल करना तथा संगठनात्मक तंत्र की जमीनी स्थिति का आकलन करना है।
.jpeg)
सेवा दूत बन कर अपने अपने विधानसभा क्षेत्र में जाएंः आदित्य साहु
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि सेवा दूतों को सेवा का दूत बनकर अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जाना है। झारखंड के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों सहित देश के कुल 4123 विधानसभा क्षेत्रों में यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम सभी ने भी कार्यकर्ताओं के बीच लंबे समय तक काम किया है। इससे कार्यकर्ताओं के साथ एक घनिष्ठ और आत्मीय संबंध बनता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कर्म, कर्तव्य और परिवार भाव के साथ काम करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि जब सेवा दूत अपने प्रवास से लौटेंगे तो उस क्षेत्र के लोगों के साथ एक आत्मीय संबंध लेकर लौटेंगे। जहां जैसी व्यवस्था उपलब्ध है, उसी व्यवस्था में सेवा भाव के साथ सभी को इस अभियान में जुटना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण के लिए जो कार्य हुए हैं, उनका अनुभव लेकर आना है और प्रधानमंत्री के सेवा एवं जनकल्याण के संदेशों को आम जनता तक पहुंचाना है।

बूथ स्तर पर तैयार करें कार्यकर्ताओं की टोलीः बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की टोली तैयार करनी है। इस कार्य में जिला अध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों को भी पर्याप्त समय देना होगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को सहज और सरल तरीके से काम करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 में झारखंड में भाजपा की सरकार बनानी है। सभी कार्यकर्ता यह समझकर काम करें कि वे भगवान का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रवास के दौरान लोगों की समस्याओं को सूचीबद्ध करना है। वर्तमान राज्य सरकार के प्रति जनता की क्या नाराजगी है, इसे गंभीरता से नोट करना है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाएं धरातल पर कितनी उतरी हैं, लोगों को उनका कितना लाभ मिला है और योजनाओं के क्रियान्वयन में कहां-कहां कठिनाइयां आ रही हैं, इन सभी पहलुओं का आकलन करना है।

जन सेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएंः मनोज तिग्गा
सेवा दूत अभियान की राष्ट्रीय टोली के सदस्य एवं पश्चिम बंगाल से लोकसभा सांसद तथा भाजपा राष्ट्रीय मंत्री मनोज तिग्गा ने कहा कि यह जनसेवा के संकल्प और संगठन की सक्रियता को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कार्यशाला में 28 पन्नों का विस्तृत पीपीटी प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से उन्होंने अभियान की रूपरेखा, उद्देश्य, सेवा दूतों की भूमिका एवं दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अभियान के तहत होने वाली प्रमुख गतिविधियों में जनसुनवाई, नशामुक्त भारत शिविर, सामुदायिक संपर्क एवं सहभागिता, लाभार्थी संवाद, अपना क्षेत्र अपना गौरव, सेवा शिविर, विकसित भारत अभियान, दैनिक गतिविधियों तथा नैरेटिव से संबंधित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही अभियान के संचालन एवं गतिविधियों के संकलन के लिए सरल ऐप के उपयोग के बारे में भी बताया।
कार्यशाला में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, मुनेश्वर साहू एवं गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, शैलेन्द्र सिंह, सरोज सिंह, सुनीता सिंह, अमरदीप यादव, कृष्णा महतो, अमित सिंह, मनीर उरांव एवं शालिनी बैसखियार, प्रदेश कोषाध्यक्ष दीपक बंका, प्रदेश कार्यालय मंत्री हेमंत दास, प्रदेश कार्यालय सह मंत्री सूरज गुप्ता चौरसिया, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव सहित सभी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं सभी विधानसभा क्षेत्रों के समन्वयक उपस्थित रहे।
.jpeg)