द फॉलोअप डेस्क
झामुमो के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी का पूरा इतिहास ही झूठ, भ्रम और समाज को बाँटने की राजनीति पर आधारित रहा है। जनता को गुमराह करना, आपसी वैमनस्य फैलाना और असली मुद्दों से ध्यान भटकाना इसकी पुरानी फितरत है। जहाँ तक भाषा विवाद का सवाल है तो उन्होंने अपने मंत्रित्व काल यानि 06.08.2021 को पत्र के माध्यम से एवं स्वंय मुख्यमंत्री से मिलकर छात्रों/ युवाओं के हित में पलामू प्रमंडल के तीनों जिलों के अलावे चतरा जिले के अभ्यर्थियों को भी समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्रीय भाषाओं की सूची में भोजपुरी, हिन्दी तथा मगही भाषा को शामिल करने का अनुरोध किया था। झामुमो के केन्द्रीय महासचिव के नाते 12.06.2025 को भी पलामू प्रमंडल के युवाओं के हित में हिन्दी, भोजपुरी एवं मगही भाषा को स्थानीय भाषा के विकल्प के रूप में शामिल करने हेतु पुनः मुख्यमंत्री से अनुरोध किया। भाजपाईयों को यह बताना होगा कि इस मुद्दे पर कब इन्होंने मुख्यमंत्री को इस संबंध में पत्राचार किया या उनसे मुलाकात कर मामले से अवगत कराया। भाजपा के कोई भी विधायक या सांसद ने कभी भी अपने माध्यम से कोई ठोस पहल नहीं किया है।
.jpg)
स्थानीय विधायक सत्येन्द्रनाथ तिवारी को पलामू प्रमंडल के युवाओं/छात्रों के प्रति यदि संवेदना थी तो उन्हें चालू विधानसभा सत्र के दौरान इस सवाल को उठाना चाहिए था लेकिन उनके द्वारा यह कार्य नहीं कर इसे मुद्दा बनाकर विवादास्पद बनाया जा रहा है। साथ ही पलामू प्रमंडल के छात्रों को गुमराह भी किया जा रहा है। विधायक सत्येन्द्रनाथ तिवारी के द्वारा सिर्फ अनर्गल बयानबाजी की जाती है। विधायक किसी भी समस्या का समाधान नहीं चाहते है बल्कि वे उसे मुद्दा बनाकर जनता को सिर्फ गुमराह करना चाहते है। स्थायीय विधायक का विधानसभा क्षेत्र के विकास के प्रति कोई अभिरूचि ही नहीं है। पूर्व में तिवारी विधानसभा प्रयोजन समिति के सभापति रहे हैं। लेकिन उनके द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र का विकास कार्य ना कर सिर्फ संवेदकों/अभियंताओं को भयादोहन कर पैसा उगाही का कार्य किया गया है। विधायक को यदि थोड़ी भी शर्म है, जनता का कार्य करना चाहते है तो वे समस्याओं के निदान के लिए ईमानदारी से प्रयास करें और जनता को बेबकूफ बनाना बंद करें।

ठाकुर ने कहा कि पलामू प्रमंडल का दुर्भाग्य है कि सांसद विष्णु दयाल राम अपने संसदीय क्षेत्र के प्रति उदासीन रहते है। जनता इन्हें ढंग से पहचानती भी नहीं है कि यही हमारे सांसद हैं। भानू प्रताप शाही अपने कार्यकाल में क्या किए सबको पता है। ज्यादा बोलने की जरूरत नहीं है। इनके द्वारा किसी भी बात को बेवजह तूल देने का कार्य किया जाता है। इन दोनों के द्वारा ओछी राजनीति की जाती है। भानू सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। क्षेत्र और जनता की समस्या से उन्हें कोई लेना-देना नहीं है। अब वे तिवारी जी की तरह सोशल मीडिया पर मसखरी करना भी शुरू कर दिए है। 01.04.2026 को भाजपा द्वारा प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। परन्तु यह दुर्भाग्य है कि कल ही गढ़वा जिला का स्थापना दिवस था और उनलोगों के द्वारा उस प्रेस वार्ता में गढ़वा जिला का स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देने का भी सुध नहीं रहा। इससे इनकी मानसिकता झलकती है कि गढ़वा जिला से इन्हें कितना प्रेम है।
