logo

सड़क किनारे हड़िया बेचनेवाली महिलाओं को ‘भाजपा सरकार’ करेगी ‘अपग्रेड’, शराब दुकानों में करेगी शिफ्ट : बाबूलाल मरांडी 

babulal25.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची 
गुजरात मॉडल की बात करनेवाली भाजपा झारखंड में शराब को बढ़ावा देने की बात कर रही है। कह रही है कि सड़क किनारे हड़िया बेचनेवाली आदिवासी महिलाओं को शराब की दुकाने देगी। गुजरात में तो शराब की बिक्री पर पाबंदी लगी हुई है, मगर गुजरात से झारखंड आते-आते शराब पर पाबंदी की बात से फिसलकर भाजपा शराब की बिक्री की बात पर आ गयी है। दरअसल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपनी संकल्प यात्रा के चौथे दिन रविवार को महेशपुर विधानसभा क्षेत्र में कहा कि  झारखंड में भाजपा की सरकार बनी, तो भाजपा सरकार हड़िया बेचनेवाली महिलाओं को शराब की दुकान देगी।

पहली बार देश में 8 आदिवासी कैबिनेट मंत्री बनाए गए

आगे उन्होंने अलग झारखंड को लेकर सत्ता पक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, झारखंड राज्य अटल बिहारी वाजपेयी की देन है। अटल जी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सर्व शिक्षा अभियान के माध्यम से गांव, गरीब को विकास की मुख्य धारा में जोड़ा। संथाली भाषा का 8वीं अनुसूची में जुड़ना अटल सरकार की देन है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार देश में 8 आदिवासी कैबिनेट मंत्री बनाये गये हैं। मोदी जी ने पहली संथाली आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाकर आदिवासियों को बड़ा सम्मान दिया। ये बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपनी संकल्प यात्रा  के दौरान यज्ञ मैदान, पाकुड़िया में पहली जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।


नाम बदलकर आदिवासियों की जमीन लूट रही हेमंत सरकार

उन्होंने कहा कि झारखंड में आदिवासियों के नाम पर राजनीति करनेवाले झामुमो के मुखिया नाम बदलकर आदिवासियों की ही जमीन लूट रहे हैं। हेमंत सरकार में आदिवासी बहन-बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं। उनकी हत्या हो रही है। उन्होंने कहा राज्य के खान-खनिज बाहर के लोग आकर लूट रहे हैं और झारखंड के लोग, आदिवासी, गरीब रोजगार केलिए हिमाचल प्रदेश जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार गरीबों के लिए केंद्र सरकार द्वारा भेजे गये प्रति व्यक्ति प्रति माह पांच किलो अनाज को भी बेच दे रही है। कोरोना काल में जब सबकुछ बंद था, तब प्रधानमंत्री ने किसी गरीब को भूखा सोने नहीं दिया। 
परिवारवादी, भ्रष्टाचारी सरकार से झारखंड को मुक्त कराने के लिए है संकल्प यात्रा 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पुलिस प्रशासन को लोगों की सुरक्षा में नहीं, बल्कि उनको लूटने में लगा दिया है। पदाधिकारी बोलते हैं कि पैसा ऊपर तक पहुंचाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की जांच के लिए ईडी ने मुख्यमंत्री को समन किया हैl ईडी को इनके भ्रष्टाचार का पता चल गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारवादी, भ्रष्टाचारी सरकार से झारखंड को मुक्त कराने के लिए यह संकल्प यात्रा चल रही है। उन्होंने कहा कि इस लुटेरे मुख्यमंत्री से राज्य को बचाना है, तभी राज्य में विकास होगा। गरीबी, बेरोजगारी दूर होगी। संकल्प यात्रा में यही संकल्प दिलाने आया हूं।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N