द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नया बस्ती, रोड नंबर-3 में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस ने एक सख्त मिसाल पेश की है। यहां एक युवती के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट करने वाले आरोपी कन्हैया रजक को पुलिस ने न केवल गिरफ्तार किया, बल्कि उसे हथकड़ी लगाकर पूरे मोहल्ले में पैदल भी घुमाया। पुलिस की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वाले तत्वों को स्पष्ट चेतावनी देना और समाज में कानून का खौफ पैदा करना है। यह घटना 5 मार्च की शाम करीब 6:50 बजे की है। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के अनुसार, एक 20 वर्षीय युवती अपने घर के लिए किराने का सामान लेने पास की दुकान पर गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद आरोपी कन्हैया रजक ने युवती के साथ छेड़खानी और अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। संवेदनहीनता की हद पार करते हुए आरोपी ने पीड़िता के चेहरे पर जलती हुई सिगरेट सटाने की भी कोशिश की। जब युवती ने इस घिनौनी हरकत का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी हिंसक हो गया और उसने युवती के साथ बुरी तरह मारपीट की।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय कन्हैया रजक नशे की हालत में था और अपने कुछ साथियों के साथ दुकान के पास बैठा था। विरोध करने पर उसने युवती को लात-घूंसों से पीटा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हंगामे के दौरान आरोपी ने किराने की दुकान में भी जमकर तोड़फोड़ की, जिससे दुकानदार का काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो बाद में पुलिस कार्रवाई का मुख्य आधार बनी। घटना के बाद पीड़िता और दुकानदार ने बागबेड़ा थाना में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, शुरुआत में पुलिस की कार्रवाई की गति को लेकर स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी गई, लेकिन मामला गंभीर होते ही पुलिस तुरंत 'एक्शन मोड' में आई और आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद उसे बस्ती में पैदल घुमाने की कार्रवाई इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस कदम की सराहना की है और उनका कहना है कि महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ ऐसी ही कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
