द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। प्रदेश के राजद प्रवक्ता डॉ. मनोज कुमार ने घरेलू गैस एवं कॉमर्शियल गैसों में मूल्य वृद्धि पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त किया है। उन्होंने केंद्र सरकार के इस फैसले पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह कदम गरीब और मध्यम वर्ग की रसोई पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने एक बार फिर घरेलू गैस के दामों में ₹60 रुपए और कॉमर्शियल सिलेंडरों में 115 रुपए के बढ़ोतरी कर भाजपा सरकार ने देश के गरीब, मध्यम वर्गीय मेहनतकश जनता पर महंगाई का भारी बोझ लादने का काम किया है। आम आवाम पहले से ही बढ़ती महंगाई से हैरान और परेशान हैं। यह फैसला सीधे तौर पर जनता की रसोई पर हमला है। सबसे हैरानी की बात है कि स्वयं केंद्र सरकार और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने हाल ही में साफ कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को भी खारिज किया है, जिसमें देश में ईंधन की कमी का दावा किया जा रहा था।

डॉ मनोज कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार को आम आवाम से कोई लेना-देना नहीं है और न ही गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई, किसान और नौजवान से कोई सरोकार है। केवल भारतीय जनता पार्टी के नेता बड़ी-बड़ी बात करके आम जनता को ठगने और बरगलाने का काम करती है। केंद्र सरकार को जनहित में, राज्यहित में आम अवाम के हित में तत्काल की गई मूल्य वृद्धि को समाप्त करनी चाहिए।