logo

बाबूलाल मरांडी बड़े नेताओं से मशविरा के लिए दिल्ली गए, सुनील बंसल प्रादेशिक नेताओं से विचार विमर्श के लिए रांची आए

BABULAL34.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड विधानसभा का बजट सत्र समाप्त होते ही भाजपा के भीतर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गयी है। इसके मूल में कहीं न कहीं संगठन को धार देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति प्रमुख है। कुछ यही कारण है कि बजट सत्र समाप्त होते ही प्रतिपक्ष के नेता सह प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी 27 मार्च की शाम दिल्ली रवाना हो गए। वह 29 मार्च को रांची लौटेंगे। जानकारी के अनुसार वह वहां गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई अन्य बड़े नेताओं से मिल सकते हैं। उन्हें झारखंड की राजनीतिक स्थिति से अवगत कराएंगे। हेमंत सोरेन सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों और भावी रणनीतियों की भी जानकारी देंगे। मालूम हो कि प्रतिपक्ष का नेता बनने के बाद बाबूलाल मरांडी पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिल चुके हैं। प्रतिपक्ष का नेता बनाए जाने के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त कर चुके हैं। झारखंड और भाजपा की सांगठनिक स्थिति से अवगत करा चुके हैं।


इधर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल शुक्रवार की सुबह दिल्ली से रांची पहुंचे। वह यहां पार्टी के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार बंसल भाजपा की संगठनात्मक मजबूती के लिए सुझाव ले रहे हैं। प्रदेश के बड़े नेताओं के विचार से अवगत हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार रांची में ही पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास व अन्य बड़े नेता हैं। उनकी इन नेताओं से मुलाकात भी संभव है। वैसे वह पार्टी मुख्यालय में संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह व अन्य नेताओं से भी मिल चुके हैं।


प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति में पार्टी अब विलंब नहीं करना चाहती
जानकारी के अनुसार प्रतिपक्ष का नेता बनाने के बाद भाजपा अब प्रदेश अध्यक्ष पद पर जल्द से जल्द नियुक्ति करना चाहती है। राज्य में संगठन को धार देने के लिए पार्टी इसे काफी जरूरी मान रही है। पार्टी का मानना है कि प्रदेश अध्यक्ष की नयी नियुक्ति के बाद संगठन के नीचले स्तर तक पदाधिकारियों और विभिन्न कमेटियों के सदस्यों के मनोनयन अथवा चुनाव में छह महीने से अधिक का वक्त लगेगा। इसलिए प्रदेश अध्यक्ष की जितनी जल्दी नियुक्ति होगी, कमेटियां उतनी ही जल्दी बनेगी। फिर उतनी जल्दी पार्टी के नेता कार्यकर्ता सक्रिय होंगे। वर्तमान में पार्टी का हर कार्यकर्ता कहीं न कहीं होनेवाले बदलाव की आस में अपने को भी किसी महत्वपूर्ण पद पर देख रहा है। विभिन्न गुटों में भी बंटा है।

Tags - babulal marandi sunil bansal jharkhand bjp state bjp president