logo

सारंडा में एक बार फिर आईईडी विस्फोट, कोबरा का एक जवान गंभीर

naxali6.jpg

द फॉलोअप डेस्क

पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चलाये जा रहे सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान फिर से एक बार आईईडी विस्फोट की घटना घटी है। इसमें कोबरा 209 बटालियन का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है।

दरअसल, सारंडा के बीहड़ में स्थित बलिबा गांव के पास नक्सलियों द्वारा पहले से बिछाए गये आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) में अचानक सर्च ऑपरेशन के दौरान विस्फोट हो गया। घटना उस समय हुई जब रविवार को छोटानागरा थाना क्षेत्र के बलिबा जंगलों में कोबरा 209 के जवान ऑपरेशन चला रहे थे। इस विस्फोट में कोबरा 209 के जवान अलख दास गंभीर रूप से घायल हो गये हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अबतक नहीं की गई है।

इधर, आईईडी विस्फोट की खबर मिलते ही सुरक्षा बलों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायल साथी को प्राथमिक उपचार दिया। बेहतर इलाज के लिए जवान को एयरलिफ्ट कर रांची ले जाने की तैयारी की जा रही है।

बताया जा रहा है कि जिस इलाके में विस्फोट हुआ, वहां पुराने आईईडी की तलाश और डिफ्यूज करने को लेकर भी अभियान चलाया जा रहा था। नक्सलियों द्वारा पुलिस बल को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से जंगलों में पहले से लगाये गये आईईडी आज भी सुरक्षा बलों के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है। घटना के बाद पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा बलों ने सतर्कता बढ़ा दी है और सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar west singhbhum news west singhbhum khabar saranda news