द फॉलोअप, रांची
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने लोकायुक्त पद के लिए राज्य सरकार द्वारा भेजे गए अमिताभ गुप्ता के नाम पर अपनी सहमति दे दी है। सहमति के बाद राज्यपाल द्वारा फाइल मुख्य सचिव को लौटा दी गयी है। कल कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा अमिताभ गुप्ता को लोकायुक्त बनाये जाने संबंधी अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। मालूम हो कि लोकायुक्त की नियुक्ति नहीं हो पाने पर हाईकोर्ट ने गंभीर नाराजगी व्यक्त की थी। झारखंड में लोकायुक्त का पद वर्षों से रिक्त है। अमिताभ गु्प्ता झारखंड हाईकोर्ट के सेवानिवृत न्यायाधीश हैं। 25 मार्च को मुख्यमंत्री की अध्यक्षतावाली चयन समिति ने उनके नाम पर सहमति प्रदान की थी। उस बैठक में मुख्यमंत्री के अलावा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी शामिल हुए थे।
