नंदलाल तुरी/पाकुड़:
Jharkhand News: पाकुड़ (Pakur) में मनरेगा योजना के तहत कूप निर्माण में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि कूप का निर्माण किए बिना ही 80,000 रुपये की निकासी कर ली गई। पाकुड़ जिले के नसीपुर बस्टम टोला गांव निवासी हाबिल शेख ने डीसी को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। हाबिल शेख के लिखित आवेदन के मुताबिक पाकुड़ जिले के सीतापहाड़ी प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत नसीपुर बस्टम टोला में मनरेगा योजना के तहत कूप निर्माण स्वीकृत हुआ था। कूप का निर्माण हाबिल शेख की जमीन पर किया जाना था। लेकिन,आरोप है कि योजना स्वीकृत होने के बाद कई साल बीत गए, लेकिन कूप का निर्माण नहीं हुआ।

ठेकेदार पर लगाया गंभीर आरोप
हाबिल शेख का आरोप है कि ठेकेदार ने विभाग के कुछ कर्मियों के साथ मिलीभगत करके कूप का निर्माण कराए बिना ही 80,000 रुपये की निकासी कर ली। हाबिल शेख ने डीसी को लिखित आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
बीपीओ ने दिया जांच का आश्वासन
द फॉलोअप ने इस मामले में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी अजीत टुडू से बातचीत की। उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। घटना की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई होगी।