द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के मानगो थाना परिसर में रविवार देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो पक्षों के बीच हुए आपसी विवाद ने उग्र रूप ले लिया और आक्रोशित भीड़ ने थाना परिसर को ही रण का अखाड़ा समझ लिया। फिर क्या था, मानगो थाना परिसर में ही दोनों पक्षों के बीच जमाकर मारपीट हुई। इस दौरान थाना परिसर में रखे कई टेबुल-कुर्सियों और रैक को भी नुकसान पहुंचा। साथ ही, थाना में सरकारी कागजात भी इधर-उधर बिखर गये। इतना ही नहीं, बीच बचाव करने पर कई पुलिसकर्मियों को भी भीड़ के गुस्से के सामना करना पड़ा।
ऐसे में थाना में तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति के नुकसान पहुंचाये जाने का भी अनुमान है। इस पूरी घटना से थाना परिसर में काफी देर तक अव्यवस्था बनी रही। वहीं अचानक हुई इस घटना से थाना के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ देर के लिए हालात पूर्णतः बेकाबू हो गये। लेकिन बाद में अधिकारियों के सूझबूझ से काबू पा लिया गया।.jpeg)
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, मानगो थाना से कुछ दूरी पर स्थित सिम्स हॉस्पिटल और दया मेडिकल्स के मालिकों के बीच पूर्व से विवाद चला आ रहा है। वहीं रविवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद दोनों पक्ष और उनके समर्थक आपस में भीड़ गये और दोनों पक्षों के बीच जाकर मारपीट हुई। इसी दौरान उग्र लोगों ने एक पक्ष के कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद एक पक्ष (सिम्स हॉस्पिटल) अपने समर्थकों के साथ शिकायत करने मानगो थाना पहुंचा था। लेकिन, इसी दौरान दूसरा पक्ष (दया मेडिकल्स) भी थाने पहुंच गया, जिसके बाद थाना परिसर में ही दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी शुरू हुई। फिर देखते ही देखते माहौल गर्मा गया और दोनों पक्ष थाना में ही भीड़ गये। इस दौरान थाने में दोनों के बीच जमकर मारपीट और तोड़फोड़ हुई। कई सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा। इससे थाना परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। 
इधर, घटना की सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर डीएसपी हैडक्वार्टर-1 भोला प्रसाद और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया। जिसके बाद पूरी तरह हालात पर काबू पाने के लिये थाना और उसके आसपास अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई, वहीं क्षेत्र में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है। .jpg)
पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है। थाना परिसर और आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। अधिकारियों ने कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
घटना के संबंध में हैडक्वाटर डीएसपी भोला प्रसाद ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। थाना परिसर में रखे टेबल आदि को मामूली नुकसान हुआ है। पूरी क्षति का आकलन अभी किया जा रहा है, जो भी दोषी पाये जायेंगे। उनपर विधि सम्मत कार्रवाई होगी।