रांची
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), झारखंड द्वारा आज रांची में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं के विरोध में छात्र मार्च एवं मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया गया। छात्र मार्च डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) परिसर से प्रारंभ होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाला गया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता तथा अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर नारेबाजी की। इसके उपरांत अल्बर्ट एक्का चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।
अभाविप के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि JPSC एवं JSSC की भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। विभिन्न नियुक्तियों में पदों का बंदरबांट, OMR शीट में हेरफेर, नेताओं और अधिकारियों के चहेतों के बीच पदों को बांटा गया, पैसे और पैरवी से नियुक्तियाँ की गईं। अभाविप ने मांग की कि JPSC और JSSC परीक्षाओं को तत्काल रद्द कर CBI जांच कराई जाए एवं उच्च शिक्षा में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पद तत्काल बहाल किए जाएं।

युवाओं के अधिकारों और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था पर फोकस
अभाविप के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा, "झारखंड के लाखों युवा वर्षों से सरकारी नियुक्तियों की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार सामने आ रहे भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं ने उनकी आशाओं को आहत किया है। विद्यार्थी परिषद युवाओं के अधिकारों और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के लिए संघर्षरत है। विगत छह वर्षों में हुई सभी नियुक्तियों को तत्काल रद्द किया जाए। हमारी मांग है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए और योग्य अभ्यर्थियों को शीघ्र न्याय मिले।"
अभाविप के महानगर मंत्री तुषार दुबे ने कहा, "आज का छात्र मार्च झारखंड के युवाओं की आवाज़ है। विद्यार्थियों का धैर्य अब जवाब दे रहा है। यदि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई और युवाओं के साथ न्याय नहीं हुआ, तो अभाविप लोकतांत्रिक तरीके से अपने आंदोलन को और व्यापक रूप देगा।"

लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रहेगा
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अभाविप कार्यकर्ता उपस्थित रहे। परिषद ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा तथा पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित होने तक उसका लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रहेगा। मौके पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शुभम पुरोहित, बाबूलाल मेहता, प्रदेश मीडिया संयोजक सत्यम मिश्रा, प्रदेश कार्यालय मंत्री हर्ष राज, एसएफएस संयोजक रवि अग्रवाल, कुमकुम गुप्ता एवं अन्य मौजूद थे।
.jpeg)