logo

अभाविप झारखंड को नया नेतृत्व, डॉ मौमसी पॉल को प्रदेश अध्यक्ष और प्रकाश टूटी को प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी

ABVP1111.jpg

रांची 
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड प्रदेश के अध्यक्ष और प्रदेश मंत्री के पद पर निर्वाचन की प्रक्रिया आज प्रदेश कार्यालय, रांची में संपन्न हुई। निर्वाचन अधिकारी डॉ. विनोद एक्का ने परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि जमशेदपुर की डॉ. मौसमी पॉल को प्रदेश अध्यक्ष पद पर पुनर्निवाचित किया गया है, जबकि खूंटी के श्री प्रकाश टूटी को प्रदेश मंत्री चुना गया है। डॉ. विनोद एक्का ने बताया कि नव-निर्वाचित पदाधिकारी आगामी 26, 27 और 28 दिसंबर को गढ़वा में आयोजित होने वाले 26वें प्रदेश अधिवेशन में औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।


डॉ. मौसमी पॉल जमशेदपुर महानगर की निवासी हैं और वर्तमान में लालबहादुर शास्त्री मेमोरियल महाविद्यालय में अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। उनके अब तक 20 से अधिक शोध पत्र विभिन्न पत्रिकाओं और सेमिनारों में प्रकाशित और प्रस्तुत हो चुके हैं। महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों के संचालन के साथ-साथ कोल्हान क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही है। वर्ष 2015 से अभाविप से जुड़ी डॉ. पॉल चाईबासा नगर उपाध्यक्ष, जमशेदपुर महानगर उपाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष और झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे दायित्वों का निर्वहन कर चुकी हैं। वर्ष 2025–26 के लिए उन्हें एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष के दायित्व पर चुना गया है।


नव-निर्वाचित प्रदेश मंत्री श्री प्रकाश टूटी खूंटी जिले के निवासी हैं और वर्तमान में बिरसा महाविद्यालय, खूंटी में नागपुरी भाषा में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे हैं। वर्ष 2022 से अभाविप से जुड़े श्री टूटी ने जनजातीय छात्रों से जुड़ी समस्याओं को लेकर प्रभावी छात्र आंदोलन का नेतृत्व किया है। वे पूर्व में खूंटी नगर मंत्री, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और खूंटी जिला संयोजक जैसे दायित्व निभा चुके हैं। वर्तमान में वे अभाविप रांची विभाग संयोजक और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हैं। आगामी सत्र 2025–26 के लिए उन्हें झारखंड प्रदेश मंत्री के रूप में निर्वाचित किया गया है।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest