जमशदेपुर:
Jharkhand News: जमशेदपुर (Jamshedpur( के मानगो स्थित ओलीडीह ओपी अंतर्गत डिमना रोड के एरिक्शन मोबाइल दुकान (Arixon Mobile Shop, Jamshedpur) में सोमवार दोपहर एक युवक ने दहशत फैलाते हुए लूटपाट (Robbery) करने की कोशिश की। इस दौरान युवक ने दुकान में प्रवेश करते ही हाथ में चाकू निकाल लिया और उसने अपने पास बम होने की जानकारी दी। हैरान करने वाली बात यह थी कि युवक के दुकान में घुसते ही बम के टाइमर की टिक-टिक की आवाज भी आने लगी। जिससे दुकान में मौजूद शॉप के ऑनर समेत ग्राहक पहले तो घबरा गये, लेकिन दुकान में भीड़ देखते हुए उक्त युवक भी डर गया और दुकान से निकलने की कोशिश करने लगा। इसपर मौजूद लोगों ने सूझबूझ से काम लिया और तत्परता दिखाते हुए युवक को दबोच लिया।

ग्राहकों की भीड़ देखकर घबरा गया युवक
दुकान के ऑनर नीतीश मित्तल ने बताया कि दोपहर तकरीबन 1 बजे का वक्त था। उस वक्त दुकान में उनके पिता विनय कुमार मित्तल और भाई नितिन मित्तल मौजूद थे। ग्राहकों की भी भीड़ लगी थी। इसी दौरान मुंह में मंकी कैप पहने, काले लिबास में पीठ पर बैग टांगे एक युवक दुकान के अंदर आया। अंदर आते ही उसने अपने हाथ में चाकू निकाल लिया। इससे आसपास खड़े लोग सहम गये। युवक ने इसके बाद दुकान के काउंटर पर बैठे उनके छोटे भाई से गल्ले में रखे पैसे आदि निकाल कर देने की बात कही और अपने पास बम होने को जानकारी दी। उसने धमकी दी कि अगर तत्काल पैसे नहीं दिये गये तो वो दुकान को बम से उड़ा देगा। इससे दुकान में अफरा-तफरी मच गयी।
बताया जाता है कि युवक चाकू दिखाकर लूट की कोशिश कर रहा था, लेकिन दुकान में मौजूद ग्राहकों की भीड़ देखते हुए वह खुद भी डरा हुआ लगा रहा था। इसी क्रम में कुछ ग्राहकों को अपनी ओर बढ़ता देख युवक डर से दुकान से बाहर निकलने की कोशिश करने लगा। इसपर स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने युवक को पकड़ लिया और जमकर उसकी धुनाई कर दीं।

नशे की हालत में था आरोपी युवक
स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक काफी नशे की हालात में था। और उसने पीठ पर जो बैग टांग रखा था। उस बैग की तलाशी ली गयी तो उसमें स्पीकर मौजूद मिला। वहीं, युवक के पास मौजूद मोबाइल पर उसने यूट्यूब की मदद से टाइमर साउंड की धून लगा रखी थी। जिसे वो अपने मोबाइल से बम के टाइमर की साउंड निकाल रहा था। पूछताछ में सामने आया कि युवक मोबाइल के जरिये स्पीकर में टाइमर साउंड बजा रहा था और लोगों को बैग में बम होने की धमकी दे रहा था।
.jpeg)
युवक से पूछताछ में जुटी है स्थानीय पुलिस
दूसरी ओर घटना की सूचना मिलने के बाद ओलीडीह पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गयी, जहां युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पकड़ा गया युवक कौन है, वह कहां से आया था और मोबाइल दुकान में लूट की कोशिश के पीछे उसका क्या मकसद था।