पाकुड़/नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में बी.जी.आर. कोल कंपनी के कर्मचारी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पाकुड़ पुलिस ने सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान दल (SIT) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का सफल उद्भेदन कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर 2025 को शाम 7:42 बजे बी.जी.आर. कोल कंपनी के कर्मचारी मधुसूदन यू के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की थी। धमकी भरे इस कॉल के बाद अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 74/2025 दर्ज किया गया। मामले में बीएनएस की धारा 308(3) और 308(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।.jpg)
इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने विशेष जांच टीम का गठन किया। SIT ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र के आधार पर छापेमारी कर अजय मुर्मू नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ के दौरान रंगदारी मांगने की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।.jpeg)
गिरफ्तार अपराधी की पहचान 23 वर्षीय अजय मुर्मू के रूप में हुई है। वह ग्राम जिरली, थाना बोआरीजोर, जिला गोड्डा का निवासी है। हालांकि वर्तमान वह गोड्डा जिले के ललमटिया थाना, के रानीडीह रहता है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लावा कंपनी का की-पैड मोबाइल फोन और एक एयरटेल सिम कार्ड बरामद किया है।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि अजय मुर्मू का पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी बोआरीजोर थाना कांड संख्या 13/2022 (धारा 341/385/387/34 भादवि) में नामजद आरोपी रह चुका है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और रंगदारी के मामलों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।